Sunday, October 25, 2026
Home Jammu & Kashmir जम्मू-कश्मीर के बडगाम में एक आतंकी ढेर, दूसरे की तलाश जारी

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में एक आतंकी ढेर, दूसरे की तलाश जारी

श्रीनगर (द स्टैलर न्यूज़)। मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के ऊपरी युसमर्ग की असदार गली में जारी आतंकरोधी अभियान के दूसरे दिन सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक आतंकी को मार गिराया। मारे गए आतंकी की तत्काल पहचान नहीं हो पाई है। उसके लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े होने और पाकिस्तानी नागरिक होने की संभावना जताई जा रही है। इलाके में उसके अन्य साथियों के छिपे होने की आशंका के चलते सुरक्षाबलों ने व्यापक तलाशी अभियान जारी रखा है। भारतीय सेना के अनुसार, आतंकियों की मौजूदगी के संबंध में विशेष खुफिया सूचना मिलने के बाद गुरुवार को भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने असदार गली इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था। अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने संदिग्ध गतिविधि देखी। जवानों ने जब वहां मौजूद संदिग्धों को चुनौती दी तो आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई।

Advertisements

गुरूवार की रात को अंधेरा होने के बाद सुरक्षाबलों ने घेराबंदी जारी रखते हुए आतंकियों पर अपनी तरफ से फायरिंग रोक दी थी। जिसके बाद सुबह सूर्य की पहली किरण के साथ सुरक्षाबलों ने अपना अभियान तेज करते हुए जैसे ही आगे बढ़ने का प्रयास किया, आतंकियों से फिर सामना हुआ और हुई गोलीबारी में एक आतंकी मारा गया। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार, मुठभेड़स्थल से अभी तक एक ही आतंकी का शव, एक एसाल्ट राइफल व अन्य युद्धक सामग्री मिली है। प्रवक्ता ने बताया कि मारे गए आतंकियों के वहीं आस पास छिने होने की संभावना को देखते हुए अभियान को जारी रखा गया है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में घेराबंदी और तलाशी बढ़ा दी है। अधिकारियों के अनुसार, अभियान पूरा होने के बाद ही मारे गए आतंकी की पहचान और अन्य विवरण साझा किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here