
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शहर के टैगोर नगर में सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा होने की सूचना प्राप्त हुई है। जिसमें तेज रफ्तार टिप्पर की चपेट में आने से द स्टैलर न्यूज़ के एग्जीक्यूटिव एडिटर एवं आईटी ब्रेन्स होशियारपुर के एम.डी. मनप्रीत सिंह रैहसी की माता सुरिंदर कौर गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार, सुरिंदर कौर सुबह गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के बाद अपने घर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर एक तेज रफ्तार टिप्पर ने अचानक कट मार दिया। टिप्पर की चपेट में आने से वह सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे में उनकी बाईं बाजू को गंभीर नुकसान पहुंचा है। घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें डीएमसी लुधियाना रेफर कर दिया। इस हादसे की CCTV वीडियो भी सामने आई है। मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है। पुलिस द्वारा टिप्पर चालक की तलाश जारी है।












