Thursday, September 17, 2026
Home Hoshiarpur मेगा रक्तदान अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें: डा. बग्गा

मेगा रक्तदान अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें: डा. बग्गा

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत देशभर में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक मेगा रक्तदान अभियान चलाया जा रहा है। यह सेवा पखवाड़ा भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के जन्मदिवस 2 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। इंडियन सोसाइटी ऑफ ब्लड ट्रांसफ्यूजन एंड इम्यूनो हेमेटोलॉजी (आई.एस.बी.टी.आई.) के पंजाब चैप्टर के पैट्रन एवं सेंचुरियन ब्लड डोनर डा. अजय बग्गा ने जारी बयान में बताया कि इस अभियान की अगुवाई अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, एन.सी.सी. और एमवाई भारत वॉलंटियर्स द्वारा की जा रही है। आई.एस.बी.टी.आई. के पैट्रन डॉ. बग्गा ने सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर योगदान देने की अपील की है।

Advertisements

डॉ. बग्गा ने बताया कि इस सेवा पखवाड़े के दौरान 1 अक्टूबर को देशभर में राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस भी मनाया जाएगा। इस दिन का थीम “मानवता की एक बूंद—खून दो, जीवन बचाओ” रखा गया है। इस अवसर पर प्रत्येक तीन महीने बाद स्वेच्छा से रक्तदान करने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। रक्तदान के फायदों का उल्लेख करते हुए डॉ. बग्गा ने कहा कि वैज्ञानिक शोधों के आधार पर नियमित रक्तदान करने वालों में हृदय रोग और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा कम होने की बात सामने आई है। इसके साथ ही रक्त में नई कोशिकाओं के निर्माण की प्रक्रिया भी तेज होती है। रक्तदाताओं द्वारा किया गया रक्त अस्पतालों में रक्त की कमी के कारण भर्ती मरीजों की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करता है। डॉ. बग्गा ने राष्ट्रीय एकता और आपसी भाईचारे की मजबूती का जिक्र करते हुए कहा कि जब एक मुस्लिम व्यक्ति का रक्त किसी हिंदू के, एक हिंदू का रक्त किसी ईसाई के और एक सिख का रक्त किसी हिंदू के काम आता है, तो इससे मानवता और आपसी भाईचारे को मजबूती मिलती है। आई.एस.बी.टी.आई. ने 18 से 65 वर्ष की आयु के स्वस्थ व्यक्तियों से रक्तदान को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here