Thursday, September 17, 2026
Home hoshiarpur पंजाब सरकार ने व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए 40 करोड़...

पंजाब सरकार ने व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए 40 करोड़ रुपये किए मंजूर : अनिल ठाकुर

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़): पंजाब राज्य ट्रेडर्स कमीशन के चेयरमैन अनिल ठाकुर ने आज यहां व्यापारियों से बातचीत करते हुए कहा कि पंजाब सरकार द्वारा व्यापार और बाजारों से संबंधित मामलों एवं समस्याओं का तत्काल समाधान करने को प्राथमिकता दी जा रही है। राज्य सरकार द्वारा बाजारों का स्वरूप संवारने के साथ-साथ बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए 40 करोड़ रुपये से अधिक के फंड मंजूर किए जा चुके हैं, जिनमें से प्रत्येक जिले के लिए 2-2 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

Advertisements

चेयरमैन अनिल ठाकुर ने बताया कि राज्य में पिछले कई महीनों से कमीशन  द्वारा व्यापारियों के साथ लगातार बैठकों का सिलसिला जारी है। इन बैठकों के दौरान व्यापारियों द्वारा करीब 7 हजार शिकायतें और मामले रखे गए, जिनमें से 6 हजार से अधिक शिकायतों का उचित समाधान किया जा चुका है तथा शेष मामलों पर भी युद्धस्तर पर कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार और व्यापारियों के बीच सेतु का कार्य करते हुए ट्रेडर्स कमीशन व्यापार एवं व्यापारियों से संबंधित मामलों की सुनवाई के अलावा बाजारों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले को दिए जा रहे 2-2 करोड़ रुपये कमीशन की जिला कमेटियों की सिफारिशों के अनुसार बाजारों में डिप्टी कमिश्नरों के माध्यम से खर्च किए जाएंगे, ताकि बाजारों में लोगों और व्यापारियों की सुविधा के अनुसार आवश्यक कार्य करवाए जा सकें।

इससे पहले कमीशन के चेयरमैन अनिल ठाकुर ने जिला ट्रेडर्स कमीशन के चेयरमैन द्रिपन सैनी, मार्केट कमेटी के चेयरमैन जसपाल सिंह चेची सहित विभिन्न विभागों के सीनियरअधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कहा कि व्यापारियों से संबंधित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से निपटारा किया जाए। उन्होंने कहा कि बाजारों में बुनियादी सुविधाओं से संबंधित चल रहे कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि व्यापारियों और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है और कारोबारी प्रक्रियाओं को सरल बनाने के उद्देश्य से ‘पंजाब ट्रेड कमीशन’ का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के प्रयासों के चलते पिछले 7 दशकों के बाद मौजूदा सरकार के कार्यकाल में व्यापारियों के मामलों के उचित निपटारे के लिए इतने बड़े स्तर पर कदम उठाए गए हैं तथा बाजारों में लंबे समय से लंबित मामलों का जल्द समाधान किया जा रहा है।

इस अवसर पर सहायक कमिश्नर सुमित मुध, सभी एस.डी.एम., ट्रेडर्स कमीशन के प्रतिनिधि तथा व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here