
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। माननीय वरिष्ठ पुलिस कप्तान संदीप कुमार मलिक के दिशा-निर्देशों के अनुसार ट्रैफिक एजुकेशन सेल होशियारपुर की ओर से ASI मनोहर चंद के नेतृत्व में तरसेम महाजन हाइट्स अकादमी में ट्रैफिक नियमों, साइबर सुरक्षा, नशा विरोधी अभियान एवं सामाजिक जागरूकता को लेकर विशेष सेमिनार आयोजित किया गया। इस अवसर पर विजय अरोड़ा, सदस्य रोड सेफ्टी कमेटी पंजाब, चंडीगढ़, अश्वनी दत्ता, पूर्व डिप्टी DEO तथा संजीव अरोड़ा, चेयरमैन भारत विकास परिषद विशेष रूप से उपस्थित रहे। संस्थान के मैनेजिंग डायरेक्टर प्रो. तरसेम महाजन ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और अपने विचार प्रस्तुत करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों, यातायात नियमों तथा नशे से दूर रहने के प्रति भी जागरूक होना चाहिए।

सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों एवं स्टाफ को पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार 18 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थियों को गियर वाले वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त फरिश्ते स्कीम-2024, राह-वीर योजना एवं PM राहत योजना के बारे में जानकारी दी गई। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता करने, उन्हें प्राथमिक उपचार देने तथा अस्पताल पहुंचाने वाले नेक नागरिकों को सरकार की ओर से दिए जाने वाले 25,000 रुपये के पुरस्कार के बारे में भी जागरूक किया गया। साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचने तथा अपनी निजी जानकारी और बैंकिंग विवरण सुरक्षित रखने के बारे में भी विस्तार से बताया गया। सेमिनार में नशा विरोधी जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया।











