
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। संगरुर के गांव फग्गूवाल में कांग्रेस की तरफ से 4 नवंबर को की जा रही इंसाफ रैली पंजाब सरकार की नींव हिला देगी। इसलिए समस्त कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से आह्वान है कि वह बढ़चढ़कर रैली में भाग लेने के लिए संगरुर पहुंचें। यह बात वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अमरपाल सिंह काका ने कार्यकर्ताओं से रैली में पहुंचने की अपील करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पंजाब के मौजूदा हालात इतने खराब हो चुके हैं कि गुंडाराज, माफियाराज और नशे को सौदागरों ने पंजाब की छवि को पूरी तरह से धूमिल किया है तथा पंजाब की जवानी को इस दलदल में धकेलकर भविष्य से खिलवाड़ किया है।

इसलिए इंसाफ रैली के माध्यम से जहां नशा तस्करों के कारण मौत का ग्रास बने क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि भेंट की जाएगी वहीं उनके लिए इंसाफ की मांग की जाएगी। श्री काका ने कहा कि होशियारपुर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रैली में भाग लेने के लिए संगरुर के लिए रवाना होंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए समस्त तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कार्यकर्ताओं को तय स्थान एवं समय पर पहुंचने संबंधी ड्यूटियां लगा दी गई हैं। उन्होंने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पंजाब और पंजाबियत की खातिर वह बड़ी संख्या में रैली स्थल पर पहुंचें।












