
हरियाणा (द स्टैलर न्यूज़)। हरियाणा के सिरसा में मलेका गांव के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में मजदूरों से भरी ट्रॉली को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में 2 महिलाओं सहित तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हादसे में करीब 30 मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए सिरसा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अन्य अस्पतालों में रेफर किए जाने की संभावना है।

जानकारी के अनुसार, ट्रॉली में सवार मजदूर राजस्थान के मलवणी गांव में नरमा (कपास) की चुगाई के लिए जा रहे थे। सभी मजदूर दिहाड़ी पर काम करने वाले बताए जा रहे हैं। ट्रॉली में महिलाएं भी सवार थीं। हादसे में ट्रॉली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद मलेका रोड पर जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।












