
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने आज यहां कहा कि पंजाब सरकार ने सफाई कर्मचारियों, सीवरमैनों और विभिन्न निगमों में काम कर रहे कर्मचारियों की मांगों को स्वीकार करके जनहित में बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि इनकी लंबित मांगों को भी जल्द पूरा करवाने के लिए आयोग द्वारा कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय नगर निगम परिसर में असिस्टेंट एडवोकेट जनरल राहुल आदिया, दलित डेवलपमेंट बोर्ड के वाइस चेयरमैन अजय पाल और जिला प्रशासन के सीनियर अधिकारियों की मौजूदगी में पंजाब राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने जिले के सफाई कर्मचारियों और सीवरमैनों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से जिला होशियारपुर के नगर निगम कर्मचारियों की विभिन्न मांगों और मुद्दों का नोटिस लेते हुए आयोग ने यहां नगर निगम कमिश्नर को निर्देश दिए हैं कि इन मांगों का जल्द से जल्द निपटारा सुनिश्चित किया जाए। सफाई सेवकों द्वारा उठाए गए मुद्दों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने कहा कि वह जल्द ही इन कर्मचारियों का एक प्रतिनिधिमंडल लेकर स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस से मुलाकात करेंगे, ताकि इन सभी शिकायतों और मुद्दों का तत्काल समाधान करवाया जा सके।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार रिश्वतखोरी के सख्त खिलाफ है और रिश्वत के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. हरजोत सिंह की दूरदर्शिता के चलते पंजाब सरकार सफाई कर्मचारियों आदि के संपूर्ण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रिश्वतखोरी के खिलाफ पंजाब सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति प्रभावी साबित हुई है और रिश्वतखोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि आयोग सफाई कर्मचारियों के हर क्षेत्र में कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं।
चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने सफाई सेवकों और नगर निगम के अन्य कर्मचारियों के साथ व्यक्तिगत रूप से उनकी समस्याएं सुनते हुए कहा कि आयोग प्रत्येक कर्मचारी की जायज मांग के लिए नियमानुसार कार्रवाई करेगा, ताकि इन कर्मचारियों के अधिकार सुरक्षित रह सकें। उन्होंने मौके पर ही नगर निगम कमिश्नर को विभिन्न मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि इन मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए। इस अवसर पर नगर निगम कमिश्नर ज्योति बाला मट्टू, एस.डी.एम. परमप्रीत सिंह और सिविल व पुलिस प्रशासन के सीनियर अधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में सफाई सेवक मौजूद थे।












