
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने नेपाल को 48-24 से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम अब 26 सितंबर को स्वर्ण पदक के लिए मैदान में उतरेगी।

खास बात यह है कि टीम की कप्तानी हिमाचल प्रदेश की पुष्पा राणा कर रही हैं। उनके साथ रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं। ग्रुप चरण में भारत ने बांग्लादेश, ईरान और जापान को हराकर अजेय रहते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। अब फाइनल में भारत का मुकाबला ईरान और चीनी ताइपे के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा। नजरें होंगी भारतीय बेटियों पर, जो एक बार फिर स्वर्ण पदक जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।












