
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। गत दिवस 14 सितंबर को सुबह करीब साढे 8 बजे गुरुद्वारा साहिब से दर्शन करके गौतम नगर स्थित निवास स्थान पर पैदल लौट रहीं आईटी ब्रेन के एमडी व व्यापार मंडल के सचिव मनप्रीत सिंह रेहसी की माता को एक टिप्पर ने अपनी चपेट में ले लिया था। इस हादसे में उनकी बाईं बाजू बुरी तरह से कुचली गई थी। घायल अवस्था में उन्हें भारज अस्पताल ले जाया गया था, जहां से प्राथमिकी उपचार देकर उन्हें डीएमसी रैफर कर दिया गया था। वहां पर डाक्टरों ने बाजू जोड़ने के काफी प्रयास किए, लेकिन बुरी तरह से कुचली जाने के कारण बाजू जोड़ी नहीं जा सकी और उसे कंधे से अलग करना पड़ा था।

वह अभी भी डीएमसी में जेरे इलाज हैं और उनकी स्थित अभी नाजुक बताई जा रही है। थाना माडल टाउन पुलिस ने इस संबंधी मनप्रीत सिंह के बयानों पर टिप्पर चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी अमित कुमार उर्फ शालू पुत्र नरेश कुमार निवासी भीम नगर होशियारपुर के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125(ए), 125(बी) तथा आईपीसी की धारा 279, 337 व 338 के तहत मामला दर्ज करके आगे की कार्यवाही शुरु कर दी है।












