Thursday, November 12, 2026
Home Hoshiarpur शहीद भगत सिंह के नाम पर बनने वाले मेडिकल कॉलेज के टेंडर...

शहीद भगत सिंह के नाम पर बनने वाले मेडिकल कॉलेज के टेंडर में करोड़ों रुपये के घोटाले की आशंका: संजीव तलवाड़

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शिरोमणि अकाली दल के जिला अध्यक्ष होशियारपुर और पंजाब व्यापार एवं उद्योग सेल की कोर कमेटी के सदस्य संजीव तलवाड़ ने नवांशहर में शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह जी के नाम पर बनने जा रहे मेडिकल कॉलेज और इससे संबंधित अस्पताल को ठेके पर देने के लिए जारी किए गए टेंडर पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने इस पूरे मामले में करोड़ों रुपये के संभावित वित्तीय घोटाले की आशंका व्यक्त करते हुए सरकार से जवाब मांगा है। संजीव तलवाड़ ने कहा कि सरकार द्वारा अखबार में जारी किए गए टेंडर के अनुसार लगभग 12 एकड़ जमीन को 90 वर्षों के लिए ठेके पर देने का प्रावधान किया गया है, जिसकी न्यूनतम वार्षिक ठेका राशि मात्र एक लाख रुपये रखी गई है। यह राशि जमीन की वास्तविक कीमत और उसके महत्व की तुलना में बेहद कम प्रतीत होतीउन्होंने कहा कि इससे भी बड़ा सवाल अस्पताल की इमारत और इसमें मौजूद सुविधाओं को लेकर खड़ा होता है। अस्पताल में लगभग 1 लाख 40 हजार वर्ग फुट का निर्माण है। इसमें से 40 हजार वर्ग फुट का नया निर्माण हाल ही में लगभग 12 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से किया गया है, जबकि लगभग एक लाख वर्ग फुट का निर्माण वर्ष 2014 में हुआ था, जिसकी वर्तमान अनुमानित कीमत भी लगभग 50 करोड़ रुपये के करीब बनती है।

Advertisements

उनके अनुसार अस्पताल में 100 बिस्तरों का आवंटन होने के बावजूद 170 बिस्तर कार्यशील हैं। इसके अलावा नई इमारत में क्रिटिकल केयर सुविधाएं भी तैयार की गई हैं। हैरानी की बात है कि इतनी बड़ी संपत्ति और स्वास्थ्य सुविधाओं को ठेके पर देने के लिए जारी टेंडर में न्यूनतम वार्षिक ठेका राशि मात्र तीन लाख रुपये रखी गई है। संजीव तलवाड़ ने सवाल उठाया कि जब इस संपत्ति के निर्माण पर सरकार द्वारा करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं, तो इसे वार्षिक मामूली राशि पर ठेके पर देने का आधार क्या है? उन्होंने कहा कि जानकारी के अनुसार ‘इंडोज’ नाम की कंपनी को यह ठेका दिया जा चुका है, लेकिन जनता को यह जानकारी नहीं दी गई है कि कंपनी द्वारा न्यूनतम निर्धारित बोली से कितनी अधिक राशि की पेशकश की गई और टेंडर की पूरी प्रक्रिया किन मापदंडों के आधार पर पूरी की गई। उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत टेंडर की सभी शर्तों, प्राप्त हुई बोलियों, कंपनी द्वारा दी गई अंतिम राशि, ठेके की शर्तों और संपत्ति की कीमत से संबंधित पूरा विवरण सार्वजनिक करे ताकि पंजाब के लोगों को सच्चाई का पता लग सके।

संजीव तलवाड़ ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह जी के नाम और विचारधारा का सहारा लेकर पंजाब की सत्ता हासिल की थी, लेकिन आज उसी महान शहीद के नाम पर बनने वाले मेडिकल कॉलेज के मामले में ऐसे सवाल खड़े होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता के पैसे और सरकारी संपत्ति की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है, न कि ऐसे फैसले करना जिनसे सरकारी खजाने को संभावित नुकसान होने की आशंका पैदा हो। उन्होंने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे सरकार की नीतियों और फैसलों के प्रति जागरूक रहें और हर सरकारी सौदे में पारदर्शिता की मांग करें। उन्होंने कहा कि पंजाब के हितों की रक्षा के लिए ऐसे मामलों को जनता की अदालत में लाना जरूरी है और आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों में पंजाब के लोगों को सोच-समझकर फैसला लेते हुए इस सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए। इस अवसर पर उनके साथ डॉ. सतिंदर बिट्टू, हलका बंगा प्रभारी शिरोमणि अकाली दल भी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here