
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिले में डेंगू की रोकथाम के लिए उठाए जा रहे कदमों के तहत ‘हर शुक्रवार डेंगू पर वार’ अभियान के तहत डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन के निर्देशों पर विभिन्न इलाकों में टीमों द्वारा चेकिंग तेज की गई। इस दौरान मिले मच्छरों के लार्वा को मौके पर ही नष्ट किया गया। डिप्टी कमिश्नर की विशेष कार्य अधिकारी (शहरी मामले) आई.ए.एस. अधिकारी ओइशी मंडल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ पिप्पलांवाला में खुद घर-घर जाकर चेकिंग की। उन्होंने लोगों से अपील की कि डेंगू से बचाव के लिए अपने घरों के आसपास पूरी तरह साफ-सफाई रखें। उन्होंने कहा कि घरों में कूलरों, गमलों, खाली ट्रे, टायरों आदि में कई दिनों तक पानी जमा न होने दें, ताकि मच्छरों का लार्वा न बन सके। उन्होंने कहा कि जागरूकता के माध्यम से डेंगू के प्रसार को आसानी से रोका जा सकता है, जिसके लिए सभी का सहयोग बेहद जरूरी है।

ओइशी मंडल ने कहा कि डेंगू का प्रसार खड़े पानी में पनपने वाले मच्छरों से होता है। इसे पूरी गंभीरता से लेते हुए घरों, कार्यालयों, संस्थानों, कार्यस्थलों, दुकानों आदि के आसपास पानी जमा न होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग की टीमों द्वारा लार्वा के खात्मे के लिए लगातार छिड़काव किया जा रहा है और फॉगिंग भी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा ‘हर शुक्रवार डेंगू पर वार’ अभियान के तहत जागरूकता गतिविधियां और चेकिंग जारी रखी जाएगी, ताकि लोगों को जागरूक करके डेंगू को फैलने से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि पुराने टायरों, कूलरों, गमलों, ड्रम, फ्रिज की ट्रे और पानी जमा करने वाले अन्य बर्तनों को सप्ताह में कम से कम एक बार जरूर खाली करना चाहिए, ताकि मच्छरों की पैदावार को रोका जा सके। उल्लेखनीय है कि अब तक 1,576 घरों की जांच की गई है, जिनमें से 81 घरों में मच्छरों का लार्वा पाया गया। टीमों द्वारा इसे मौके पर ही नष्ट करते हुए लार्वीसाइड का छिड़काव किया गया। इस दौरान लोगों को डेंगू, मलेरिया और मच्छरों से फैलने वाली अन्य बीमारियों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी भी दी गई।












