
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। अरोड़ा वंश सभा होशियारपुर की ओर से प्रधान दीपक नरूला के नेतृत्व में सरकारी हाई स्कूल, फतेहगढ़ में पांच जरूरतमंद बच्चों की दाखिला फीस जमा करवाई गई। इस अवसर पर सभा की ओर से प्रति विद्यार्थी 2,000 रुपये के हिसाब से कुल 10,000 रुपये की राशि स्कूल इंचार्ज को भेंट की गई।इस मौके पर सभा के सरपरस्त एवं प्रमुख समाजसेवी संजीव अरोड़ा विशेष रूप से उपस्थित थे।

इस अवसर पर प्रधान दीपक नरूला ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। आर्थिक तंगी के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई में रुकावट नहीं आनी चाहिए। अरौड़ा वंश सभा जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने के समान अवसर मिल सकें।
इस अवसर पर सभा के सरपरस्त एवं प्रमुख समाजसेवी संजीव अरोड़ा ने कहा कि अरोड़ा वंश सभा का प्रयास रहेगा कि कोई भी बच्चा आर्थिक अभाव के कारण पढ़ाई से वंचित न रहे। शिक्षा बच्चों के भविष्य को संवारने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता करना समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है और बच्चों की शिक्षा में सहयोग देना देश के भविष्य को मजबूत बनाने के समान है।
सेवानिवृत्त डिप्टी डायरेक्टर शिक्षा अश्वनी दत्ता ने कहा कि जरूरतमंद विद्यार्थियों की दाखिला फीस जमा करवाना एक सराहनीय सामाजिक पहल है। ऐसे प्रयासों से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने अरोड़ा वंश सभा की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में समाज का सहयोग बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाता है और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।
स्कूल इंचार्ज नरेश कुमार ने अरौड़ा वंश सभा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जरूरतमंद विद्यार्थियों की दाखिला फीस जमा करवाकर सभा ने सराहनीय कार्य किया है। इस आर्थिक सहायता से बच्चों को अपनी पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक संस्थाओं का सहयोग महत्वपूर्ण है और उन्होंने बच्चों की सहायता के लिए सभा के प्रधान दीपक नरूला, सरपरस्त संजीव अरोड़ा तथा समस्त सदस्यों का धन्यवाद किया।इस अवसर पर गुरप्रीत कौर और रवि कुमार भी उपस्थित थे।












