
हमीरपुर(द स्टैलर न्यूज़),रिपोर्ट:रजनीश शर्मा। व्यक्ति महात्मा गांधी के सत्य तथा अहिंसा के मार्ग को अपनाकर ही समाज में आगे बढ़ सकता है। यह वाक्य डा. ऋचा वर्मा ने मंगलवार को गांधी चौक पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के उपरांत व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वच्छता को अधिमान देते हुए स्वस्थ भारत का सपना देखा था, हम सभी नागरिकों को स्वच्छता के प्रति अपनी सकारात्मक भूमिका का निर्वहन करना चाहिए। इसके लिए सरकार तथा जिला प्रशासन की ओर से जिले भर में स्वच्छता ही सेवा अभियान आरंभ किया गया है तथा आम जनमानस को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

इस अवसर पर उपायुक्त डा. ऋचा वर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री को भी नमन करते हुए कहा कि शास्त्री ने देश के जवानों एवं किसानों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। समाज को ईमानदारी के साथ जीवन जीने की प्रेरणा भी दी। उधर विधायक नरेंद्र ठाकुर ने गांधी चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए कहा कि महात्मा गांधी देश के लिए हमेशा ही प्रेरणा के स्रोत रहेंगे तथा उनके बतलाए हुए मार्ग पर चलने से देश और समाज आगे बढ़ सकता है। इस अवसर पर एस.डी.एम. शिल्पी बेक्टा, ए.एस.पी. बलबीर सिंह ठाकुर, एसी.टू.डीसी अनुपम ठाकुर, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद विजय कुमार सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित थे।












