सेना के शौर्य का भाजपा लेना चाह रही राजनीतिक फायदा: प्रेम कौशल

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता प्रेम कौशल ने हमीरपुर में प्रेस वार्ता दौरान कहा कि देश का यह दुर्भाग्य है कि पी.एम. मोदी देश की सेना के शौर्य का भी राजनीतिकरण करने में जुटे हैं। भाजपा, सेना के मामलों में भी राजनीतिक फायदा ढूंढ रही है और पाक मामले पर राजनीति कर रही है जिसकी कांग्रेस पार्टी निंदा करती है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता के साथ कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

Advertisements

इस मामले पर राजनीति से ऊपर उठकर एकजुटता से एक होकर आतंकवाद से लडऩा कांग्रेस का मुख्य सिद्धांत है। इस विषय पर कांग्रेस राजनीति नहीं करती, जबकि भाजपा ऐसे मुद्दों को लोकसभा चुनावों में भुनाने की फिराक में है लेकिन जनता भाजपा की इस ओछी हरकत को देख रही है और जबाब देगी। कांग्रेस के नवनियुक्त प्रवक्ता प्रेम कौशल ने कहा कि कांग्रेस की कमान कुलदीप राठौर के हाथों में आने के बाद पार्टी में नए जोश का संचार हुआ है। पद सम्भालते ही अध्यक्ष ने पार्टी को बंद कमरों से बाहर निकाल कर सडक़ पर ताकत दिखाने का फैसला लिया और शिमला में विशाल रैली करके पूरे प्रदेश का जिलावार दौरा करके जनसभाएं करके कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया है।

उन्होंने कहा कि कभी पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता निष्क्रिय थे और वर्षों से अनदेखी के शिकार थे। उन्हें सक्रिय करके संगठन से जोड़ा और सम्मान दिया। प्रेम कौशल ने कहा कि प्रदेश सरकार और भाजपा लोकसभा सांसदों को घेरने में कांग्रेस पार्टी कोई कसर नहीं छोड़ेगी। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी के एजेंडे पर अपना लक्ष्य पूरा करेगी और प्रदेश की चारों की चारों सीटें जीतकर राहुल की झोली में डालेगी। इस मौके पर कुलदीप पठानिया, अनिल वर्मा, दीपक शर्मा, राजेश चौधरी भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here