कांग्रेस और आप गुमराह करने वाली पार्टियां, जनता को लूटना ही है इनका मकसद: लाली बाजवा

-अकाली-भाजपा सांझे प्रत्याशी तीक्ष्ण सूद के हक में किया भारी जनसभा को संबोधित-
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। देश में सबसे अधिक समय तक राज करने वाली कांग्रेस पार्टी ने सदैव ही जनता को गुमराह करके सत्ता हासिल की है तथा हाल ही में अस्तित्व में आई आम आदमी पार्टी का हाल तो इससे भी बुरा है। आप वाले तो सत्ता में आने से पहले ही जनता को लूटने के नए-नए पैंतरे खेलकर भोलेभाले पंजाबियों की भावनाओं से खेल रहे हैं। परन्तु अब वह दिन दूर नहीं जब प्रदेश की जनता एक बार फिर से अकाली-भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाकर लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरदार प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व में गठबंधन सरकार बनाएगी। उक्त बात अकाली दल के जिला प्रधान जतिंदर सिंह लाली बाजवा ने सांझे उम्मीदवार तीक्ष्ण सूद के हक में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। लाली बाजवा ने कहा कि जो पार्टी लंबे समय तक देश की सत्ता पर काबिज होने के बावजूद कुछ नहीं कर पाई वो चंद दिनों में देश व पंजाब को खुशहाल करने की बातें करती है, जोकि जनता के गले नहीं उतर रहीं। इसके उल्ट केन्द्र में जब-जब एन.डी.ए. की सरकार बनी और प्रदेश में अकाली-भाजपा को जनता ने जनसेवा का मौका दिया तो हमारी सरकारों ने रिकार्डतोड़ विकास करवाकर जनता के लिए खुशहाली के मार्ग प्रशस्त किए हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वह प्रदेश ही नहीं बल्कि देश की खुशहाली व उज्ज्वल भविष्य के लिए भाजपा व अकाली प्रत्याशियों को विजयी बनाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को अकाली-भाजपा की नीतियों के प्रति और जागरुक करने की मुहिम को तेज करने की आह्वान किया।

Advertisements

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here