पर्यावरण संरक्षण हम सभी का धार्मिक और सामाजिक फर्ज: संजीव अरोड़ा

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। हमें जहां अपने धार्मिक अनुष्ठानों को मिलजुलकर मनाना चाहिए और खुशियों को बांटना चाहिए उसी प्रकार पर्यावरण संरक्षण भी हम सभी का प्रथम कर्तव्य होना चाहिए। इसके लिए जरुरी है कि धरती पर सबसे अधिक प्रदूषण फैलाने वाले प्लास्टिक का प्रयोग पूरी तरह से बंद किया जाए तथा इसकी पहल हमें अपने घरों से करनी होगी। यह विचार भारत विकास परिषद के प्रांतीय कनवीनर (पश्चिम पंजाब, आई डोनेशन) प्रमुख समाज सेवी संजीव अरोड़ा ने दीपावली के शुभ अवसर पर मित्रों को उपहार के साथ जूट के थैले भेंट करते हुए व्यक्त किए।

Advertisements

भाविप का प्रयास, दीवाली गिफ्ट के साथ भेंट किए जूट के थैले

संजीव अरोड़ा ने कहा कि एक समय था जब हम घर से बाजार के लिए निकलते थे तो बड़े-बुजुर्गों के हाथ में थैला जरुर होता था और यहां तक कि दूध या दहीं लेने के लिए भी घर से डोलू आदि लेकर जाया करते थे। परन्तु जब से प्लास्टिक के लिफाफे चलन में बढ़े हैं तब से प्लास्टिक प्रदूषण बढ़ता ही जा रहा है। जिसे कंट्रोल करना वैश्विक समस्या बन चुका है और समस्त देश इसके बढ़ते प्रयोग पर नियंत्रण लगाने के लिए अपने स्तर पर प्रयास कर रहे हैं। संजीव अरोड़ा ने कहा कि होशियारपुर में भी जिला प्रशासन द्वारा जिलाधीश ईशा कालिया और नगर निगम द्वारा कमिशनर बलबीर राज की अगुवाई में शहर की विभिन्न संस्थाओं द्वारा प्लास्टिक का प्रयोग न करने को लेकर लोगों को जागरुक किया जा रहा है तथा इसके सार्थक परिणाम भी दिखने शुरु हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि जब तक जन-जन प्लास्टिक को न नहीं कहता, तब तक धरती पर कभी न खत्म होने वाले इस प्रदूषण से निपटना असंभव है। इसलिए दीपावली के शुभ अवसर पर हम सभी को प्लास्टिक का कम से कम प्रयोग करने का प्रण लेकर धरती पर जीवन को लंबे समय तक बनाए रखने का अपनी आने वाली पीढिय़ों को उपहार देना है। इस अवसर पर संजीव अरोड़ा द्वारा बैंक अधिकारी लोकेश खन्ना व उनकी धर्मपत्नी वंदना खन्ना को जब उपहार के साथ जूट के थैले भेंट किए गए तो उनकी खुशी और भी बढ़ गई। उन्होंने संजीव अरोड़ा का धन्यवाद करते हुए लोगों से अपील की कि थैला पकडऩे में शर्म न की जाए, क्योंकि यह धरती हमारी है और इसे स्वच्छ बनाए रखना हमारा प्रथम कर्तव्य है। आइए अपने घर से इसकी शुरुआत करें और दूसरों को भी जागरुक करें। इस मौके पर संजीव अरोड़ा की धर्मपत्नी रेनू अरोड़ा भी मौजूद थीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here