दुखद: जायज मांगों के समर्थन में धरने पर बैठे अस्थायी कर्मचारी की ठंड से मौत, हड़ताल जारी

राजौरी (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: अनिल भारद्वाज। पिछले कईं सालों से पी.एच.ई. विभाग में अस्थायी तौर पर कार्यरत पी.एच.ई. कर्मचारी संबंधित विभाग में स्थायी करने के साथ साथ वेतन समस्या को दूर करने की मांग कर रहे है लेकिन उनकी समस्याओं को दूर करने में कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। जिससे अस्थायी कर्मचारियों को भारी दिक्कतों का मजबूरन सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश के अन्य जिलों की तरह जिला राजौरी पीएचई कार्यालय के बाहर जायज मांगों के समर्थन में अन्य अस्थायी कर्मचारियों के साथ रात्रि धरने पर बैठे कर्मचारी की ठंड से मौत हो गई। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को काबू में करने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिए। मांग पूरी होने पर पीडि़त परिवार के सदस्य व पीएचई अस्थायी कर्मी शांत हुए।

Advertisements

बता दें कि पीएचई विभाग के अस्थाई कर्मचारियों का जायज मांगों के समर्थन में पिछले 5 दिनों से कामछोड़ हड़ताल व धरना प्रदर्शन लगातार जारी है। काम छोड़ो हड़ताल में रात्रि धरने के लिए पीएचई कर्मचारियों ने पीएचई विभाग के डिवीजन कार्यालय राजौरी के मैदान में टेंट लगाकर कर धरने पर थे। पीएचई अस्थायी यूनियन के अन्य सदस्यों के साथ लेंडकेस अस्थाई कर्मचारी मोहम्मद शबीर पुत्र फिरोज दीन निवासी कोटदड़ा भी रात्रि धरने पर बैठा हुआ था जिसकी अचानक ठंड से हालत बिगड़ गई और साथियों ने उसे उपचार के लिए जीएमसी अस्पताल राजौरी पहुंचाया वहां डाक्टरों ने उसकी गंभीर हालत के देखते हुए उसे राजकीय मेडिकल कालेज अस्पताल जम्मू के लिए रेफर कर दिया , लेकिन जम्मू-राजौरी राजमार्ग के अंतर्गत नारियां गांव के पास पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया। और उसके उपरांत मोहम्मद शबीर की मौत की खबर लगते ही अस्थायी कर्मचारी पीएचई कार्यालय के बाहर मुख्य सडक़ मार्ग पर आकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।

कर्मचारियों ने डेढ़ घंटे तक शव को सडक़ के बीच रख इंसाफ की गुहार लगते रहे। घटना व प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस व पीएचई अधिकारी प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे लेकिन प्रदर्शनकारी मानने को तैयार ही नहीं हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि हम कर्मचारी पिछले कई सालों से अपनी जायज मांगों को लेकर मजबूरन रोष प्रकट व काम छोड़ हड़ताल पर हैं। आला अधिकारियों को समस्या के बारे में अवगत करवा रहे हैं। लेकिन प्रशासन हमारी समस्या को नजरअंदाज कर रहा है। और परेशानी के चलते मोहम्मद शब्बीर ने आज दम तोड़ दिया। पीडि़त परिवार को नौकरी दी जाए। उचित सहायता राशि प्रदान की जाए। जब तक हमारी मांगों को पूरा नहीं किया जाता तब तक हम सडक़ के बीचो-बीच ही शव को साथ रख प्रदर्शन करते रहेंगे जिसका जिम्मेदार संबंधित विभाग के आला अधिकारी व प्रशासन होगा।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इससे पहले भी पूर्व सरकारों व प्रशासन को कई बार समस्या को दूर करवाने के लिए अवगत करवाते आए है धरना प्रदर्शन कर चुके हैं लेकिन उनकी जायज मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। जिसके चलते पीएचई कर्मचारी काफी परेशान दिख रहे हैं। और परेशानी में ही हमारे साथी की मौत हुई है। जिसका जिम्मेदार पीएचई विभाग है। वहीं पीएचई विभाग के एक्सईएन प्रदर्शन की अध्यक्षता कर रहे कर्मचारियों के बीच पहुँचे और उन्होंने बैठक कर। मृतक शबीर की पत्नी को सरकारी नौकरी 57 माह का बकाया वेतन व पचास हजार रुपये की सहायता राशि देने का आश्वासन किया। पुलिस की देखरेख में शव को पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी करने पर शव को परिवार के सुपुर्द किया गया।

वहीं उसके उपरांत अन्य अस्थायी कर्मचारियों अपनी मांगों के समर्थन में काम छोड़ हड़ताल पर बैठ गए। कर्मचारियों ने कहा कि जबतक हम कर्मचारियों की मांगों को पूरा नहीं किया जाता तबतक काम छोड़ हड़ताल व धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।

वहीं प्रदेश के हर जिले के साथ नगर कस्बे के अस्थायी कर्मचारी भी दिन को काम छोड़ हड़ताल व रात को भी धरने प्रदर्शन पर डटे हुए है। पुंछ व मेंढर में भी पीएचई अस्थायी कर्मचारी बकाया वेतन व अन्य मांगों को लेकर 7 फरवरी से शुरू पीएचई अस्थाई कर्मियों की काम छोड़ हड़ताल तथा धरना प्रदर्शन लगातार जारी है वहीं कर्मचारियों ने सभी पीएचई स्टेशनों से पेयजल सप्लाई भी ठप कर रखी है। वहीं कालाकोट में तैनात कर्मचारियों ने साफ शब्दों में पीएचई अधिकारियों व प्रशासन को चेतावनी दे रखी है कि जब तक उनकी जायज मांगे पूरी नहीं होती तब तक काम छोड़ हड़ताल जारी रहेगी और पेयजल सप्लाई पूरी तरह ठप रहेगी।

वहीं धरने प्रदर्शन के चलते पीएचई स्टेशन चैनपुर में कर्मचारियों का काफी रोष देखा गया इस बीच कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष विश्वामित्र ब उप अध्यक्ष जसवंत राज आदि कर्मचारियों ने कहा कि हम कर्मचारियों की मांग है कि हम कर्मचारियों को स्थाई करने की नीति पर जल्द काम शुरू हो।

इसके अलावा केंद्र शासित प्रदेश के तहत वेतन व अन्य लाभ हम कर्मचारियों को लागू हो । साथ ही बकाया वेतन एक ही किस्त में जारी करने के साथ-साथ एसआरओ का लाभ भी हम कर्मचारियों को दिया जाए और इन्हीं जायज मांगों को लेकर हम कर्मचारी धरना प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगे उजागर कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर त्रियाठ तहसील में भी पीएचई अस्थाई कर्मियों का आक्रोश देखा गया।

कर्मचारी रवि कुमार, शीशपाल, राकेश कुमार बलदेव राज, तारक हुसैन, जगदीश राज, गफूर सेन आदि कर्मचारियों ने तहसीलदार मुंशी राम को अपनी मांगों संबंधी ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदर्शन करते हुए कहा कि हम कर्मचारियों के साथ जब तक इंसाफ नहीं होगा तब तक हम कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि हमारी उप राज्यपाल से गुहार है कि वह जल्द हमारी जायज मांगे पूरी करें और जब तक ऐसा नहीं होता हमारा धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here