खास खबर: कोरोना से जंग में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं महिला सरपंच

हमीरपुर(द स्टैलर न्यूज़),रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। कोरोना को हराने में हमीरपुर जिला की महिला पंचायत प्रधान भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कई प्रधान प्रशंसनीय कार्य कर दूसरों के लिए प्रेरणास्त्रोत बन रही हैं। बमसन ब्लाक की ग्राम पंचायत बारीं, टपरे, बराड़ा और गुवारड़ू की महिला प्रधान क्रमश: बबीता चौहान, रजनीश कुमारी, ज्योति कुमारी एवं सिमरो देवी अपने कार्यों को लेकर ख़ूब चर्चाओं में हैं। इन लोगों ने कोरोना से बचाव के लिए गांव में ही लोगों की आईसोलेशन की पूरी जिम्मेदारी संभाली है। बाहर से आने वाले लोगों के लिए 14 दिन तक घरों में रखने तथा खाने की व्यवस्था है। महिला प्रधानों के निर्देशन में राशन किट तैयार करके इन्हें जरूरतमंदों को बांटा जा रहा है। जिलाधीश हरिकेश मीणा ने बताया कि जिले की अन्य पंचायतों को इससे प्रेरणा मिलेगी। बमसन खंड के बीडीओ रमेश चंद ने बताया कि महिला प्रधानों ने अपनी ज़िम्मेदारी को बख़ूबी निभाया है।

Advertisements

अपने ख़र्च पर मास्क तैयार कर लोगों में बाँटे व दर्जनों प्रवासियों को पहुंचाया घर

ग्राम पंचायत बारीं- बारीं पंचायत की प्रधान बबीता चौहान अब तक 42 परिवारों को कऱीब छ: क्विंटल राशन तीन तीन बार बाँट चुकी हैं। कऱीब 58 हज़ार रुपए एकत्रित कर जिला प्रशासन के आपदा कोष में जमा करवा चुकी हैं। पंचायत प्रधान बबीता चौहान बारीं पंचायत में बाहर से आए कऱीब 71 लोगों को घर में संघरोध कर कोरोना युद्ध में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इतना ही नहीं 21 प्रवासियों को उन्होंने जम्मू पहुँचाया और कऱीब 142 प्रवासियों को शीघ्र उनके घर पहुँचाने के प्रयास पंचायत प्रधान बबीता कर रही हैं। अपने ख़र्च पर वह दो हज़ार मास्क तैयार कर लोगों में बाँट चुकी हैं। अपने स्तर पर दो बार पूरी पंचायत को सेनेटाईज़ करवाने में पंचायत प्रधान की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।

ग्राम पंचायत टपरे

टपरे पंचायत की प्रधान रजनीश कुमारी चौहान अब तक 127 लोगों को तीन-तीन बार राशन बाँट चुकी हैं। कऱीब 70 हज़ार रुपए एकत्रित कर जिला प्रशासन के आपदा कोष में जमा करवा चुकी हैं। पंचायत प्रधान रजनीश कुमारी चौहान टपरे पंचायत में बाहर से आए करीब 27 लोगों को घर में संघरोध कर कोरोना युद्ध में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इतना ही नहीं 15 प्रवासियों को उन्होंने जम्मू पहुँचाया। कुसुम कुमारी एवं सुमन कुमारी के सहयोग से रजनीश कुमारी अपने ख़र्च पर 800 मास्क तैयार कर लोगों में बाँट चुकी हैं।

ग्राम पंचायत बराड़ा

बराड़ा पंचायत की प्रधान ज्योति कुमारी अब तक बाहर से आए 140 लोगों को अपने-अपने घरों में संघरोध करवा चुकी हैं। यूपी एवं बिहार के करीब 85 लोगों को घर पहुँचाने के प्रयास ज्योति द्वारा किए जा रहे हैं। पंचायत प्रधान ज्योति कुमारी द्वारा अपने खर्च पर 7 सौ मास्क तैयार कर लोगों में बाँटे जा चुके हैं। इस काम में सिलाई अध्यापिका कुसुम इनकी मदद कर रही है। पंचायत में रह रहे कऱीब पाँच परिवारों का चूल्हा पंचायत प्रधान द्वारा दिए गए राशन के कारण ही जल रहा है।

ग्राम पंचायत गुवारड़ू

गुवारड़ू पंचायत की प्रधान सिमरो देवी युवा क्लब के साथ मिलकर अब तक 2 हज़ार मास्क बाँट चुकी हैं। अब तक बाहर से आए कऱीब 100 लोगों को वह अपने अपने घरों में संघरोध करवा चुकी हैं। कऱीब 30 प्रवासी लोगों को घर पहुँचाने के प्रयास पंचायत प्रधान सिमरो देवी द्वारा किए गए। पंचायत प्रधान द्वारा अपने ख़र्च पर 10 परिवारों तथा स्थानीय मंदिर में रह रहे एक सन्यासी सहित दो अन्य लोगों को राशन मुहैया करवाया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here