
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल प्रदेश शहरी स्थानीय निकायों के गठन के लिए होने जा रहे सामान्य निर्वाचन हेतु नगर परिषद हमीरपुर का मतदान सुचारू रूप से संपन्न करवाने के उद्देश्य से नियुक्त किए जाने वाले सैक्टर अधिकारियों, पीठासीन अधिकारियों तथा मतदान अधिकारियों के लिए वीरवार को यहां टाउन हॉल में पूर्वाभ्यास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
नगर परिषद हमीरपुर के निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम डॉ. चिरंजी लाल चौहान की अध्यक्षता में आयोजित इस पूर्वाभ्यास में लगभग 44 अधिकारियों को ईवीएम की कार्यप्रणाली और मतदान से संंबंधित अन्य सभी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

एसडीएम ने बताया कि पोलिंग पार्टी नंबर एक से 12 तक का दूसरा पूर्वाभ्यास 5 जनवरी को होगा, जबकि पोलिंग पार्टी नंबर 13 से 23 तक का दूसरा पूर्वाभ्यास 6 जनवरी को होगा। उन्होंने बताया कि नगर परिषद हमीरपुर के 11 वार्डों में 10 जनवरी को सुचारू, पारदर्शी, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करवाने के लिए कुल 15 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों के लिए नियुक्त 15 मतदान दल 9 जनवरी को ही अपने-अपने केंद्रों के लिए रवाना कर दिए जाएंगे। इस अवसर पर मुख्य प्रशिक्षक इंजीनियर विजय चौहान ने अधिकारियों को मतदान संबंधी सामान्य जानकारी एवं तकनीकी पहलुओं से अवगत करवाया। प्रशिक्षण के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग एवं सरकार द्वारा कोविड-19 से संबंधित जारी तमाम दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया गया। पूर्वाभ्यास के दौरान नोडल अधिकारी अरुण कतना, राजेश शर्मा, सुरजीत चौहान और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।












