
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़),रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। कठोर चट्टान के बीच अगर खुदाई के दौरान जलधारा निकल आए और वह भी सूखी पहाड़ी पर, इसे कुदरत का करिश्मा ही माना जाएगा। ऐसा ही एक अजूबा इन दिनों बमसन तहसील की ग्राम पंचायत बारी के बारी गांव में देखने को मिल रहा है।

गांव में इन दिनों एचटी टावर लाइन बिछाने का काम जारी है। ‘ पारली बारी’ में टावर की अर्थिंग के लिए सूखी रिडी पर खड्डा खोदा गया और अचानक कठोर चट्टान ‘ सप्पड़’ के बीच पानी रिसना शुरू हो गया। इतनी ऊंचाई पर सूखी पहाड़ी पर पानी का मिलना अजूबा माना जा रहा है। वार्ड सदस्य राजो कुमारी ने जानकारी दी है कि पानी इतनी तेजी से रिस रहा है कि टावर लाइन के मजदूरों को खड्डे में काम करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने जल शक्ति विभाग से इस स्थान पर पानी के स्रोत की खोज करने की मांग की है। लोग कुदरत के इस अजूबे को देखने बारी पहुंचने लगे हैं।












