कैबिनेट मंत्री संगत सिंह गिलजियां ने टांडा में करवाई धान की खरीद की शुरुआत

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। वन, वन्य जीव एवं श्रम मंत्री पंजाब, संगत सिंह गिलजियां ने आज दाना मंडी टांडा में गांव दुबुर्जी के किसान निशान सिंह की धान के ढेरी से धान की खरीद शुरु करवाते हुए कहा कि पंजाब सरकार की ओर से किसानों की फसल का एक-एक दाना उठाया जाएगा। एस.डी.एम. रणदीप सिंह हीर व अन्य अधिकारियों सहित फसल की खरीद शुरु करवाते हुए वन एवं श्रम मंत्री ने किसानों से बातचीत करते हुए उनसे फसल बेचने के दौरान किसी किस्म की पेश आ रही समस्याओं के बारे में पूछा, जिस पर किसानों ने कहा कि मंडी में उनको कोई दिक्कत नहीं आ रही है व उनकी फसल 1960 रुपए प्रति क्विंटल बिकी है। इस दौरान वन मंत्री ने मंडी में अलग-अलग ढेरियों पर जाकर धान की फसल देखते हुए अधिकारियों व खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी किस्म की समस्या न आए।

Advertisements


कैबिनेट मंत्री ने बताया कि जिले की 72 मंडियों में धान की खरीद की जा रही है व किसानों की सुविधा के लिए मंडियों में पीने वाले पानी, छाया और अन्य सुविधाओं का पूरा इंतज़ाम किया गया है। उन्होंने बताया कि इस बार जिले की मंडियों में करीब 4.48 लाख मीट्रिक टन धान की आमद की उम्मीद है जिसकी खरीद व लिफ्टिंग के पुख्ता प्रबंध किए जा चुके हैं। इससे पहले बैठक के दौरान उन्होंने खरीद एजेंसियों और अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रबंधों में किसी किस्म की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए, जिससे धान की खरीद को सही ढंग और बिना किसी रुकावट के पूरा किया जा सके। उन्होंने बताया कि मंडियों में पर्याप्त बारदाना उपलब्ध है, इस लिए किसान व आढ़ती इस बारे में चिंता न करें।  


संगत सिंह गिलजियां ने बताया कि धान की खरीद को लेकर केंद्र की ओर से तिथि को आगे बढ़ा दिया गया था लेकिन मुख्य मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने पहल करते हुए दिल्ली में प्रधान मंत्री से मुलाकात कर धान की खरीद को 3 अक्टूबर से शुरु करवाया है। इस दौरान उन्होंने किसानों, आढ़तियों व राइस मिलर्स को अपील की कि निर्धारित नमी वाली धान की फसल ही मंडियों में लाने को प्राथमिकता दें और ओस के कारण गीले धान की कटाई से गुरेज करें।


इस अवसर पर चेयरमैन मार्किट कमेटी टांडा सिमरन सैनी, वाइस चेयरमैन राकेश वोहरा, जिला खाद्य व आपूर्ति कंट्रोलर रेणु बाला वर्मा, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष अवतार सिंह खोखर, जरनैल सिंह जाजा, बलदेव सिंह मुल्तानी, परमजीत सिंह मोतियां, सुखविंदर जीत सिंह बीरा, कुलदीप सिंह, सुखविंदर जीत सिंह झांवर, रविंदर पाल सिंह गोरा, मनिंदरजीत सिंह मनी, सुरेश जैन, बोबी बहल, सुरिंदरजीत सिंह बिल्लू, ओम पुरी, बाली सल्लां, अजीत पाल सिंह, अवतार सिंह तुली, गोल्डी कल्याणपुर, सचिव सुरिंदर सिंह, अवतार सिंह सैनी, जगदीप आनंद, भूषण जैन, कुलतार चाहल, जोगिंदर सिंह, गौरव पुरी, सुनीत पुरी भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here