73वें गणतंत्र दिवस पर कैबिनेट मंत्री अरुणा चौधरी ने लहराया तिरंगा

होशियारपुर, ( द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब के राजस्व, पुर्नवास व आपदा प्रबंधन मंत्री अरुणा चौधरी ने आज जिला स्तरीय समारोह के दौरान होशियारपुर की पुलिस लाइन ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज लहराया। राष्ट्रीय ध्वज लहराने के बाद चौधरी ने परेड का निरीक्षण किया। इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर अपनीत रियात, एस.एस.पी. ध्रुमन एच. निंबाले भी उनके साथ मौजूद थे। इसके बाद जिला वासियों के नाम संदेश देते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि चाहे 15 अगस्त 1947 को देश आजाद हुआ था पर 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान लागू हो जाने से ही हमारा देश गणराज्य बना। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश हमारे भारत ने गणराज्य के 72 वर्ष पूरे कर लिए हैं व आज सारा देश 73वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। अरुणा चौधरी ने कहा कि भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहिब डा. भीम राव अंबेदकर जी ने अलग-अलग धर्मों, जातियों व संस्कृतियों वाले देश को एक माला में पिरोया है, जिसके चलते आज हमारे देश को अनेकता में एकता की खूबसूरत मिसाल के तौर पर जाना जाता है।

Advertisements

उन्होंने तीन सेनाओं, अर्ध सैनिक बलों के अलावा प्रदेश पुलिस के बहादुर जवानों को जहां सलाम किया, वहीं स्वतंत्रता संग्राम में योगदान डालने वाले बहादुर योद्धाओं को नतमस्तक होते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान 80 प्रतिशत से अधिक पंजाबियों का योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि फांसी के फंदो को चूमने से लेकर काले पानी जैसी सख्त सजाओं को भी पंजाबियों ने खुखी-खुशी काटा है। उन्होंने देश की स्वतंत्रता में योगदान डालने वाले शहीद ए आजम स. भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव थापर, शहीद करतार सिंह सराभा, शहीद लाला लाजपतराय, शहीद मदन लाल ढींगरा सहित स्वतंत्रता सेनानियों को भी सिजदा किया।

जिला स्तरीय समारोह में मुख्य मेहमान के तौर पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री ने जिला रैड क्रास सोसायटी की ओर से जरुरतमंदों को 20 सिलाई मशीनों के अलावा 5 व्हील चेयर्ज भी सौंपी। इसके अलावा अलग-अलग क्षेत्रों में नाम कमाने वाली 63 शख्सियतों को सम्मानित भी किया। समारोह में परेड कमांडर डी.एस.पी. मानवजीत सिंह के नेतृत्व में पी.आर.टी.सी. जहानखेलां, पंजाब पुलिस, पंजाब पुलिस महिला विंग, पी.आर.टी.सी. जहानखेलां की महिला टुकड़ी, पंजाब होमगार्डज, पूर्व सैनिक और पी.आर.टी.सी जहानखलां व पंजाब पुलिस के संयुक्त बैंड की ओर से शानदार मार्च पास्ट किया गया व मुख्य मेहमान को सलामी दी गई। जिला प्रशासन की ओर से डिप्टी कमिश्नर अपनीत रियात व एस.एस.पी ध्रमुन एच. निंबाले की ओर से मुख्य मेहमान कैबिनेट मंत्री अरुणा चौधरी को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया।

इस मौक पर आई.जी. जालंधर रेंज अरुण पाल सिंह, जिला एवं सत्र न्यायधीश अमरजोत भट्टी, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर(शहरी विकास) हिमांशु जैन, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर(सामान्य) संदीप सिंह, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर(विकास) दरबारा सिंह, एस.पी(मुख्यालय) अश्वनी कुमार, एस.डी.एम. होशियारपुर शिवराज सिंह बल, जिला राजस्व अधिकारी अमनपाल सिंह, जिला लोक संपर्क अधिकारी हाकम थापर के अलावा अलग-अलग विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here