
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। आम आदमी पार्टी की जिला लीडरशिप ने आम आदमी पार्टी के दोआबा जोन प्रधान परमजीत सिंह सचदेवा के नेतृत्व में जिलाधीश विपुल उज्जवल को मांग पत्र दिया। इस दौरान परमजीत सिंह सचदेवा ने बताया कि आम आदमी पार्टी की तरफ से दोआबा जोन के सभी हल्कों में आवारा पशुओं की समस्या को लेकर मुहिम शुरू की जाएगी। उन्होंने जिलाधीश को शहर में आवारा पशुओं और कुत्तों की भरमार होने के कारण आम लोगों को आनी वाली परेशानियों संबंधी बताया।

इस दौरान जिलाधीश ने आम आदमी पार्टी को आश्वासन दिया कि प्र्र्र्र्र्रशासन इसके लिए गंभीर है और सरकार के निर्देशों पर ही आवारा पशुओं की समस्या को हल किया जा सकता हैं।
इस मौके पर परमजीत सिंह सचदेवा ने बताया कि शहर में आवारा पशुओं और कुत्तों की बहुत भरमार है, जिसके कारण आए दिन सडक़ हादसे हो रहे हैं। ये आवारा पशु दोपहिया, चारपहिया वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। इसलिए पशुओं और कुत्तों पर रोक लगाने संबंधी सरकार और स्थानीय सरकार की तरफ से प्र्रयास किए जाने बहुत जरूरी हैं और आवारा पशुओं को गौशालाओं में भेजना चाहिए ताकि सडक़ हादसों को कम किया जा सके।
सचदेवा ने कहा पंजाब सरकार द्वारा गौ कमिशन गठित किया गया और जनता पर बिजली के बिल के माध्यम से गौ सैस वसूला जा रहा है। लेकिन गऊ के प्रति कोई भी उचित कदम नहीं उठाया जा रहा। आज भी गऊ सडक़ों पर घूमती है। इस अवसर पर उनके साथ महासचिव पंजाब डा. रवजोत सिंह, सिटी प्रधान मदन लाल सूद, रूरल प्रधान गुरविंदर सिंह पाबला, रमन कुमार चब्बेवाल, बलबीर कौर फुल्ल दसूहा के अलावा अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।












