जीतकर मुकेरियां पहुंचने पर जंगी लाल महाजन का लोगों ने किया भव्य स्वागत

मुकेरियां (द स्टैलर न्यूज़)। मुकेरियां विधानसभा सीट के लिए हुई पोलिंग की मतगणना रियात-बहरा कॉलेज होशियारपुर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के तहत गुरुवार सुबह 8 बजे शुरू हुई। मुकेरियां से आठ उम्मीदवार मैदान में थे। जिसमें कांग्रेस पार्टी ने हलका विधायका इंदु बाला को मैदान में उतारा था जबकि आम आदमी पार्टी ने प्रो. जी.एस. मुल्तानी को उम्मीदवार घोषित किया था। यूथ अकाली नेता सरबजोत सिंह साबी पहली बार शिरोमणि अकाली दल और बहुजन समाज पार्टी के गठबंधन की ओर से चुनाव मैदान में उतरे थे जबकि भारतीय जनता पार्टी गठबंधन ने जंगी लाल महाजन पर ही विश्वास जताया था। इसके अलावा शिरोमणि अकाली दल (अ) मान दल से परमिंदर सिंह खालसा, गुरवतन सिंह मुल्तानी और अशोक कुमार निर्दलीय चुनाव लड़ रहे थे, जबकि किसान संगठनों की राजनीतिक पार्टी संयुक्त समाज मोर्चा ने बसपा से बागी पूर्व हलका इंचार्ज करमजीत सिंह संधू को अपना उम्मीदवार बनाया था।

Advertisements

मतगणना के समय मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार जंगी लाल महाजन और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार प्रो. जी.एस. मुल्तानी के बीच में ही रहा। निर्वाचन क्षेत्र के 251 बूथों पर हुई मतगणना 18 राउंड में पूरी हुई तथा कुल 143300 (बैलेट वोट सहित) डाले गए वोटों में से भाजपा प्रत्याशी जंगी लाल महाजन को 41,044 मत मिले और उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंदी आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी प्रो. जी.एस. मुल्तानी को 2691 वोटों से हराया। प्रोफेसर जी.एस. मुल्तानी को 38,353 वोट मिले। अलग पार्टी के रूप में उभरे शिरोमणि अकाली दल-बसपा के उम्मीदवार सरबजोत सिंह साबी को 28,984 वोटों के साथ धैर्य रखना पड़ा, जबकि 851 मतदाताओं ने उम्मीदवारों को वोट देने के बजाय नोटा का विकल्प चुनना पसंद किया।

इसके अलावा कांग्रेस पार्टी प्रत्याशी इंदु बाला को 28,989 शिरोमणि अकाली दल (अ) मान दल के परमिंदर सिंह खालसा को 3232, निर्दलीय प्रत्याशी अशोक कुमार को 562, निर्दलीय प्रत्याशी गुरवतन सिंह को 570 और संयुक्त समाज मोर्चा के कर्मजीत सिंह संधू को 715 वोट मिले। बैलेट पेपर के माध्यम से 1,819 वोट प्राप्त हुए जबकि मतगणना अधिकारियों द्वारा 353 वोटों को खारिज कर दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here