सीएम जयराम बोले- कांग्रेस का हाल हम दो, हमारे दो, यूपी में मिलीं महज दो सीटें

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर रविवार को बड़सर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे। मुख्यमंत्री दोपहर 1:30 बजे राधास्वामी चेरिटेबल हॉस्पिटल भोटा के ग्राउंड में हेलिकॉप्टर से उतरे। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी मुख्यमंत्री के साथ बड़सर दौरे पर हैं। मुख्यमंत्री दो बजे बिझड़ी पहुंचे। यहां 263 करोड़ के 12 उद्घाटन और 9 शिलान्यास किए। इसके बाद जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि 1962, 1965, 1971 में युद्ध हुए तब सैनिकों का पार्थिव शरीर नहीं संदूक आता था। अब हवाई मार्ग से पार्थिव शरीर आता है। कांग्रेस का हाल हम दो, हमारे दो जैसा हो गया है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को महज 2 सीटें मिली हैं। 97 फीसदी सीटों पर जमानत जब्त हुई है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में बुलेट प्रूफ जैकेट बनाने की फैक्टरी खोली जाएगी।
विपक्ष के एक नेता को लगे हैं स्प्रिंग
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विपक्ष के एक नेता का नाम लिए बिना तंज कसा कि ऐसा लगता है कि उसे स्प्रिंग लगा हुआ है और बात बात पर उछलते थे। जब से भाजपा ने चार राज्यों में मिशन रिपीट किया है, वह नेता अब शांति से बैठ गया है।
घोषणाओं की लगाई झड़ी
करीब सवा चार साल बाद बड़सर विधानसभा क्षेत्र पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने घोषणाओं की झड़ी लगा दी। विनोद ठाकुर, बलदेव शर्मा, राकेश बबली तथा कमल नयन ने सीएम से जो मांगा वही मिला। इस दौरान कई स्कूलों को अपग्रेड किया गया तो कई अस्पताल के दर्ज बढ़ाए गए। भोटा पीएचसी का दर्जा बढ़ाकर सीएचसी कर दिया गया। बिझड़ी तथा भोटा पुलिस चौकियों को स्थाई कर स्टाफ बढ़ाया गया। इसके अलावा विभिन्न पेयजल योजनाओं, सडक़ों और पुलों को बनाने की घोषणा मुख्यमंत्री ने की।
विनोद ठाकुर ने दिखाई ताकत
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता तथा बड़सर से भाजपा टिकट के प्रबल दावेदार विनोद ठाकुर ने सलौनी बाजार में हजारों की भीड़ मुख्यमंत्री के स्वागत में जुटाकर अपनी राजनीतिक ताकत बताई। इसके अलावा उनकी मांगों को भी मुख्यमंत्री ने तरजीह देकर पूरा किया।

Advertisements

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here