बिहार में 47 साल पुराना पुल चोरी, सिंचाई विभाग के कर्मचारी बनकर दिया वारदात को अंजाम

सासाराम (द स्टैलर न्यूज़)। बिहार के रोहतास जिले के सासाराम में दिनदहाड़े लोहे का पुल चोरी हो गया। चोर सिंचाई विभाग के कर्मचारी बनकर गांव में आए और जेसीबी से पुल तोड़ दिया। फिर गैस कटर से काटकर लोहा ट्रक पर लाद कर आराम से चलते बने। तीन दिन बाद विभाग को जब घटना का पता चला तो े अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया।

Advertisements

चोरी होने वाला पुल करीब 47 साल पुराना था। यह पुल जिले के नासरीगंज प्रखंड के अमियावर स्थित आरा मुख्य नहर पर बना था। पुल 100 फीट लंबा और 10 फीट चौड़ा था। बताया जा रहा है कि पुल में 500 टन लोहा था। चोर जब पुल तोड़ रहे थे, तब गांव वालों ने सवाल किया। इस पर चोरों ने कहा कि वे सिंचाई विभाग के कर्मचारी हैं, पुल जर्जर हो गया है। इसलिए इसे तोड़ा जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि चोरों ने पुल को पहले जेसीबी से तोड़ा। फिर कटर से काटकर ट्रक पर लाद कर भाग गए। इसके बाद ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग से बात की, तब मामले का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग के अफसर मौके पर पहुंचे और मामले में एफआईआर दर्ज करवाई।
वहीं सिंचाई विभाग के विक्रमगंज सब डिवीजन के असिस्टेंट इंजीनियर राधेशयाम सिंह ने कहा कि गांव के मुखिया ने पुल हटाने के लिए आवेदन दिया था। इसे बड़े अधिकारियों को भेज दिया गया था, लेकिन इस दिशा में अब तक कोई निर्देश नहीं मिले थे। इस बीच चोरों ने पुल को चुरा लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here