जम्मू-कश्मीर में धूमधाम के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, बारिश के बीच दिखा उत्साह

जम्मू/राजौरी (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: अनिल भारद्वाज। जम्मू कश्मीर में स्वतंत्रता दिवस जोश एवं उत्साह के साथ मनाया गया। शहरी व सीमावर्ती क्षेत्रों में भी बच्चों में खुशी देखने को मिली। तो वहीं कश्मीर के लाल चौक घण्टाघर में महिलाओं व अन्य लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तीस साल पहले बीजेपी के दिग्गज नेता मुरली मनोहर जोशी ने पहली बार ‘लाल चौक’ झंडा फहराया था। उसके बाद यह जगह विवादों में रही है। रविवार शाम से जारी बारिश व आतंकी गतिविधियों के बीच भी उत्साह में कमी नहीं दिखी। श्रीनगर में एलजी सिन्हा तो जम्मू के एमए स्टेडियम में सलाहकार भटनागर व सीमावर्ती जिला राजौरी के मुख्य नगर द्वार सलानी में सुरक्षा के बीच सुशील कुमार बजरंगी ने ध्वजारोहण किया। सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच 76वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर अब विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और यहां हड़ताल, पथराव जैसी गतिविधियां अब मात्र इतिहास का पन्ना रह गया है। पिछले तीन सालों में जम्मू कश्मीर के सभी क्षेत्रों ने अभूतपूर्व विकास देखा है।

Advertisements

उन्होंने राज्य में अनुच्छेद 370 को खत्म करने को लेकर कहा कि पीएम मोदी ने तीन साल पहले आधुनिक, आर्थिक और सामाजिक विकास का दीप जलाया था। जम्मू कश्मीर आगे बढ़ रह है और मैं समाज के हर वर्ग से एक खुशहाल, शांतिपूर्ण और समृद्ध केंद्र शासित प्रदेश में अपना बहुमूल्य योगदान देने का आह्वान करता हूं। आइए इस स्वतंत्रता दिवस पर राज्य को नशा-मुक्त, भ्रष्टाचार-मुक्त और रोजगार-युक्त बनाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद, भ्रष्टाचार और भय के दिन खत्म हो गए हैं। अब यहां कोई भी पाकिस्तान का झंडा नहीं दिखाता। हर कोई राष्ट्रीय ध्वज प्रदर्शित करता है जिसके लिए जम्मू कश्मीर के लोगों को विशेष गर्व और प्रेम है। हम सभी को जम्मू कश्मीर को आतंकवाद, भय और भ्रष्टाचार से मजबूती से मुक्त करना है क्योंकि यहां हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। 15 अगस्त समारोह की जम्मू में खूब धूम दिखी। रविवार देर रात से जारी बारिश के बीच मनाए गए इस स्वतंत्रता दिवस समारोह में कहीं भी न तो मेहमानों और न ही समारोह में भाग लेने पहुंचे सुरक्षाबलों के जवानों व स्कूली बच्चों में उत्साह कम हुआ।समारोह के समापन तक वहीं जज्बा व जोश बना रहा जो इतने दिनों से सुरक्षाबलों के जवान व स्कूली बच्चे रिहर्सल में दिखाते आ रहे थे।

जम्मू के के एमए स्टेडियम में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में उपराज्यपाल के सलाहकार आरआर भटनागर ने तिरंगा फहराया और उन्होंने इस मौके पर जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से लेकर अब तक हुए विकास कार्यों की जानकारी भी दी। भटनागर ने कहा कि जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद समानता आई है। यहां पर रह रहे पश्चिमी पाकिस्तानी रिफ्यूजियों को पहले जहां विदेशी समझा जाता था, उन्हें नागरिकता के अधिकार मिले हैं। उन्होंंने इस मौके पर जम्मू कश्मीर में हुए स्वास्थ्य सेवाओं में हुए सुधार पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कोरोना में यूटी प्रशासन के कार्यों की सराहना भी की। सलाहकार ने बताया कि जम्मू कश्मीर में सात हजार करोड़ रुपये से की जा रही चिकित्सा परियोजनाओं बारे जानकारी देते हुए बताया कि इससे जम्मू कश्मीर में नए मेडिकल कालेज, नर्सिंग कालेज, कैंसर संस्थान आदि शामिल हैं। उन्होंने इस मौके पर प्रधानमंत्री जन औषद्यि से दवाएं उपलब्ध करवाने का जिक्र भी किया। इसके अलावा उन्होंने मुफ्त स्वास्थ्य बीमा को लेकर बताया कि जम्मू कश्मीर में इस समय अस्सी प्रतिशत लोगों को इसका लाभ मिल चुका है। सलाहकार भटनागर ने इस मौके पर जम्मू कश्मीर में बिजली के क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों व सडक़ों के विस्तार बारे भी जानकारी दी। भटनागर ने बताया कि सत्तर वर्ष में जम्मू कश्मीर से 370 मेगावाट का ही बिजली दोहन हो रहा था जबकि पिछले दो वर्षों में ही तीन सौ मेगावाट दोहन बढ़ा है। उधर समारोह में सुरक्षाबलों ने मार्च पास्ट कर तिरंगे को सलामी दी तो स्कूली बच्चों ने भी देश के विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक नृत्य पेश किए जिसने समां बांध दिया। बारिश के बीच भी बच्चों का जोश कम नहीं हुआ। हालांकि सोमवार सुबह आठ बजे तक शहर में मूसलधार बारिश होती रही जिससे एमए स्टेडियम के मैदान में पानी खड़ा हो गया था। सलाहाकार भटनागर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मार्च पास्ट का निरीक्षण किया।

इसके बाद मार्च पास्ट के बाद स्कूली बच्चों के रंगारंग कार्यक्रम शुरू हुए तो बारिश ने फिर रफ्तार पकडऩा शुरू कर दी, लेकिन बारिश भी बच्चों का उत्साह कम नहीं कर सकी। कश्मीर के लाल चौक में ऐतिहासिक घंटाघर के ऊपर महिलाओं व अन्य लोगों ने सुबह तिरंगा फहराया। लोगों को ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते हुए देखा गया। ये लोग देश के विभिन्न हिस्सों से झंडा फहराने के लिए श्रीनगर आए थे। स्थानीय लोगों को तिरंगा लहराते और वंदे मातरम गाते हुए भी देखा गया। लोगों ने लाल चौक पर प्रतिष्ठित घंटाघर के सबसे ऊपर तिरंगा झंडा लगाया। बतादें करीब 30 साल पहले दिग्गज नेता मुरली मनोहर जोशी ने पहली बार ‘लाल चौक’ झंडा फहराया था। उसके बाद यह जगह विवादों में रही है।

हालांकि इस साल जनवरी में, गणतंत्र दिवस मनाया तब सामाजिक कार्यकर्ता साजिद यूसुफ शाह और साहिल बशीर भट ने दर्जनों समर्थकों के साथ ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया था। 15 अगस्त पर सीमावर्ती जिला राजौरी पुंछ में भी उत्साह देखने को मिला। पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच राजौरी नगर के मुख्यद्वार सलानी पुल पर सामाजिक कार्यकर्ता सुशील कुमार व जिला पुलिस लाइन मैदान में डीडीसी चेयरमैन ने राष्ट्रीय ध्वज लहराया। डीपीएल में समारोह में डीसी विकास कुंडल, डीआईजी पुलिस राजौरी-पुंछ रेंज अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यद्वार राजौरी को सजने सबरने का कार्य सुशील द्वारा पिछले दो महीने से जारी था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here