31 अक्टूबर से 13 नवंबर तक जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी चलाएगी विशेष जागरुकता अभियान: अपराजिता जोशी

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: गुरजीत सोनू। सी.जे.एम-कम-सचिव जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी अपराजिता जोशी ने बताया कि पैन इंडिया अभियान के अंतर्गत लोगों को नि:शुल्क कानूनी सेवाओं के बारे में जागरुक करने के लिए जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी की ओर से जिले में जागरुकता अभियान आयोजित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जिले के सभी इलाकों के साथ-साथ केंद्रीय जेल, जुवेनाइल होम व स्पैशल होम को भी कवर किया जाएगा। वे आज जिला प्रशासकीय कांप्लेक्स में इस अभियान को सफल बनाने संबंधी अलग-अलग विभागों के अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उनके साथ सहायक कमिश्नर(सामान्य) व्योम भारद्वाज भी मौजूद थे।

Advertisements

बैठक को संबोधित करते हुए सचिव जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी ने बताया कि 31 अक्टूबर से 13 नवंबर तक देश व्यापी यह जागरुकता अभियान शुरु हो रहा है, जिसमें जिला एवं सत्र न्यायधीश-कम-चेयरमैन जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी होशियारपुर अमरजोत भट्टी के नेतृत्व में जिले के गांवों व शहरों में घर-घर जाकर लोगों को कानूनी सेवाओं के बारे में जागरुक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मुहिम के अंतर्गत दो तरह के जागरुकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। पहले जागरुकता अभियान ‘इंपावरमेंट ऑफ सिटीजन थ्रू लीगल अवेयरनेस एंड आउटरीच’ में पूरा जिला कवर किया जाएगा जबकि दूसरे जागरुकता अभियान ‘हक हमारा भी तो है’ के अंतर्गत केंद्रीय जेल के हवालातियों व कैदियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरुक किया जाएगा। इसके अलावा जुवेनाइल होम व स्पेशल होम भी इसी अभियान में कवर किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पहला जागरुकता अभियान 31 अक्टूबर 13 नवंबर तक व दूसरा अभियान 1 नवंबर 13 नवंबर तक चलाया जाएगा। इन जागरुकता अभियानों में पैरा लीगल वालंटियर, पैनल एडवोकेट्स, आशा वर्कर, आंगनवाड़ी वर्कर व अन्य विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएंगी ताकि सभी तक नि:शुल्क कानूनी सेवाओं संबंधी संदेश पहुंच सके। अपराजिता जोशी ने बताया कि इस जागरुकता अभियान का उद्देश्य दूर-दराज के इलाकों में भी लोगों तक नि:शुल्क कानूनी सेवाओं संबंधी जागरुकता फैलाना है। उन्होंने बताया कि इसी अभियान के बीच 9 नवंबर को लीगल सर्विसेज डे के अंतर्गत एक मैगा लीगल अवेयरनैस कैंप माउंट कार्मल स्कूल कक्कों में लगाया जाएगा, जिसमें अलग-अलग विभागों की ओर से स्टाल लगा कर मौके पर लोगों को नागरिक सेवाएं दी जाएंगी।

इसके अलावा केंद्रीय जेल होशियारपुर में भी इसी दिन कैदियों व हवालातियों को जागरुक करने के लिए एक विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 12 नवंबर को जिले में राष्ट्रीय लोक अदालत का भी आयोजन होगा, जिसका लोग अधिक से अधिक लोग लाभ ले सकते हैं। इस मौके पर सहायक कमिश्नर नगर निगम संदीप तिवारी, लीड जिला मैनेजर तरसेम सिंह पुरेवाल, सहायक सिविल सर्जन डा. पवन कुमार, चुनाव तहसीलदार हरमिंदर सिंह, जिला बाल सुरक्षा अधिकारी डा. हरप्रीत कौर, जिला ई-डिस्ट्रिक्ट कोआर्डिनेटर रंजीत सिंह, एन.जी.ओ. से आज्ञा पाल सिंह साहनी के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here