Friday, October 23, 2026
Home Chandigarh मुख्यमंत्री द्वारा स्वास्थ्य विभाग को डेंगू विरोधी गतिविधियों में तेज़ी लाने के...

मुख्यमंत्री द्वारा स्वास्थ्य विभाग को डेंगू विरोधी गतिविधियों में तेज़ी लाने के निर्देश  

चंडीगढ़(द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत मान के दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री स. चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने समूह सिविल सर्जनों को डेंगू की रोकथाम सम्बन्धी लोगों को जागरूक करने और मिलकर कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने सिविल सर्जनों को विशेष डेंगू वॉर्डों के प्रबंध करने, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में फॉगिंग गतिविधियाँ तेज करने और लार्वा की जांच के लिए कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने डेंगू के बढ़ रहे मामलों के विरुद्ध ठोस कदम उठाए हैं।  
उन्होंने कहा कि वैसे तो डेंगू के मामलों की संख्या पिछले साल के मुकाबले बहुत कम है, परन्तु फिर भी डेंगू की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों में कोई ढील न बरती जाए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार डेंगू पर काबू पाने और अपने नागरिकों को सुरक्षित माहौल प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से अपील की कि वह डेंगू वायरस के फैलाव को रोकने के लिए अपने घरों और अपने आस-पास सफ़ाई रखें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग डेंगू वायरस को नियंत्रित करने के लिए स्कूल शिक्षा, ग्रामीण विकास, स्थानीय सरकारों विभाग जैसे अन्य सम्बन्धित विभागों के साथ मिलकर ठोस प्रयास कर रहा है।  
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मेडिकल साइंस के क्षेत्र में तरक्की के बावजूद डेंगू बुख़ार एक विश्वव्यापी और क्षेत्रीय समस्या बन गई है, जो प्रत्येक के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने आगे कहा कि इस बीमारी को नियंत्रित करने के लिए जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने सम्बन्धित पक्षों को डेंगू के विरुद्ध अपने प्रयास जारी रखने के लिए कहा और मीडिया द्वारा डेंगू संबंधी लगातार जागरूकता फैलाने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वह सोशल मीडिया के द्वारा इस मुहिम में अपनी भूमिका निभाएं, क्योंकि युवाओं की आबादी ज़्यादा होने के कारण वह इस मुहिम में अहम योगदान दे सकते हैं। स. जौड़ामाजरा ने लोगों को डेंगू के विरुद्ध डटने की अपील की और आश्वासन दिया कि जि़ला प्रशासन और विभाग द्वारा डेंगू पर काबू पाने सम्बन्धी मुहिम की सफलता के लिए युद्ध स्तर पर कदम उठाए जा रहे हैं।  

Advertisements

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here