Sunday, October 25, 2026
Home Chandigarh पुलिस ने 1540 बड़ी मछलियों समेत 10,576 तस्करों को किया गिरफ़्तार; 677...

पुलिस ने 1540 बड़ी मछलियों समेत 10,576 तस्करों को किया गिरफ़्तार; 677 किलो हेरोइन बरामद

चंडीगढ़, (द स्टैलर न्यूज़)। मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत मान के दिशा-निर्देशों पर नशों की समस्या को जड़ से ख़त्म करने के लिए शुरु की गई निर्णायक जंग आठवें महीने में दाखि़ल हो गई है, पंजाब पुलिस ने 5 जुलाई, 2022 से अब तक 915 व्यापारिक मामलों समेत 7999 एफआईआरज़ दर्ज करके 1540 बड़ी मछलियों समेत 10,576 नशा तस्करों को गिरफ़्तार किया है।  

Advertisements

इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (हैडक्वाटर) सुखचैन सिंह गिल ने आज यहाँ अपनी साप्ताहिक प्रैस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बताया कि पुलिस टीमों ने राज्य भर से नशा प्रभावित इलाकों और संवेदनशील रूटों पर नाकाबंदी और तलाशी मुहिम चलाकर 529.53 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। इसके अलावा, पंजाब पुलिस की टीमों द्वारा गुजरात और महाराष्ट्र के बंदरगाहों से 147.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिससे केवल सात महीनों में हेरोइन की कुल बरामदगी 677.03 किलो हो गई है।  

हेरोइन की बड़ी खेप बरामद करने के अलावा, आई.जी.पी. ने बताया कि पुलिस ने राज्य भर से 424 किलो अफ़ीम, 480.24 किलो गाँजा, 255 क्विंटल भुक्की और 51.39 लाख गोलियाँ/कैप्सूल/टीके/फार्मा ओपीओड्ज़ की शीशियाँ भी बरामद की हैं। पुलिस ने इन सात महीनों में गिरफ़्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 10.03 करोड़ रुपए की ड्रग मनी भी बरामद की है। साप्ताहिक अपडेट देते हुए आईजीपी ने कहा कि पिछले एक हफ़्ते में पुलिस ने 27 व्यापारिक मामलों समेत 231 एफआईआरज़ दर्ज करके 294 नशा तस्करों/सप्लायरों को गिरफ़्तार किया और उनके कब्जे से 33.60 किलोग्राम हेरोइन, 10.60 किलो अफ़ीम, 12.75 किलो गाँजा, 3 क्विंटल भुक्की, 37105 गोलियाँ/कैप्सूल/टीके/फार्मा ओपीओड्ज़ की शीशियों समेत 33.53 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की।  
उन्होंने बताया कि 5 जुलाई, 2022 को भगौड़ों को गिरफ़्तार करने के लिए चलाई गई विशेष मुहिम के चलते पिछले हफ्ते के दौरान एनडीपीएस मामलों में 20 और भगौड़े दोषियों को गिरफ़्तार किए जाने के साथ गिरफ़्तारियों की कुल संख्या 683 हो गई है।  

जि़क्रयोग्य है कि डायरैक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी), पंजाब गौरव यादव ने सभी सीपीज़/एसएसपीज़ को सख़्त हिदायतें दी थीं कि वह हरेक मामले में, ख़ास तौर पर नशों की बरामदगी से सम्बन्धित अगली-पिछली कडिय़ों की बारीकी से जाँच करें, चाहे किसी के पास से मामूली मात्रा में ही नशीले पदार्थ की बरामदगी हुई हो। यहाँ यह भी बताने योग्य है कि मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत मान द्वारा पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के दिशा- निर्देशों पर पंजाब पुलिस द्वारा सरहदी राज्य से नशों की समस्या पर नकेल कसने के लिए व्यापक नशा विरोधी मुहिम चलाई गई है। डीजीपी ने सभी सीपीज़/एसएसपीज़ को सख़्ती से हुक्म दिए हैं कि उनके द्वारा सभी हॉटस्पॉट्स की शिनाख़्त की जाए, जहाँ नशों का रुझान है और उनके अधिकार क्षेत्रों से सम्बन्धित सभी शीर्ष नशा तस्करों की भी पहचान की जाए। उन्होंने पुलिस प्रमुखों को यह भी हिदायत की कि पकड़े गए सभी नशा तस्करों की सम्पत्ति ज़ब्त की जाए जिससे उनके अवैध पैसे को बरामद किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here