
कपूरथला (द स्टैलर न्यूज़) रिपोर्ट: गौरव मढ़िया। भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब की जनता को स्वच्छ प्रशासन दिया जा रहा है। सरकारी दफ्तरों में हर काम पारदर्शी हो रहा है। आम लोगों की मुश्किलें काफी कम हुई हैं, सरकार इस सोच पर काम कर रही है कि सरकार की योजनाओं का लाभ सभी जरूरतमंदों तक पहुंचे और आम लोगों की जेब पर ज्यादा बोझ न पड़े।यह बात आम आदमी पार्टी के प्रांतीय नेता व इंप्रूवमेंट ट्रस्ट कपूरथला के चेयरमैन गुरपाल सिंह इंडियन ने प्रेस नोट के माध्यम से कही।

इंडियन ने कहा कि पिछले समय में यह देखा गया था कि स्कूलों ने केवल एक विशेष दुकानदार को ही किताबें बेचने के लिए अधिकृत किया था। लेकिन इस बार नए शैक्षणिक सत्र में महंगी किताबों के संकट से लोगों को निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के सहयोग से एक नई पहल शुरू की गई है। सरकार के निर्देश पर इस बार स्कूलों द्वारा किताबों की सूची अपनी वेबसाइट और स्कूल नोटिस बोर्ड पर लगाईं जा रही है। इससे विद्यार्थियों के अभिभावकों पर किसी भी दुकानदार से पुस्तकें खरीदने पर पाबंदी नहीं रहेगी, अब वे किसी भी दुकानदार से पुस्तकें खरीद सकेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि दुकानदार किताबों की सूची स्कूलों की वेबसाइट से भी ले सकते हैं और उन्हें दुकानों पर बेच सकते हैं. उन्होंने कपूरथला की जनता और दुकानदारों से अपील की कि अगर किसी को किताब और यूनिफार्म को लेकर कोई परेशानी हो तो वह उनसे संपर्क करे।










