
अमृतसर(द स्टैलर न्यूज़)। पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांता चावला ने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत मान जो टोल प्लाजा बंद कर रहे हैं वह उनका सराहनीय कदम है, पर अभी बहुत कुछ करने को बाकी है। क्या भगवंत मान जानते हैं कि अमृतसर से लुधियाना अपनी कार पर जाने में इतने रुपये टोल प्लाजा वाले ले जाते हैं जितने रुपयों में अमृतसर से चंडीगढ़ बस में जाया जा सकता है। लुधियाना टोल प्लाजा में जनता को बुरी तरह से लूटने की पूरी छूट सरकारों ने दे रखी है। इतने वर्ष बीत गए अभी तक सरकार ने यह नहीं बताया कि और कितने वर्षों तक यह लूट चलेगी।
अमृतसर-मानांवाला, ढिलवां, फगवाड़ा, लुधियाना से लेकर अगर चंडीगढ़ की तरफ भी जाएं तो जितने टोल प्लाजा पर लोगों को टैक्स देना पड़ता है उससे तो ऐसा लगता है जैसे सरकारों ने यह टोल प्लाजा जनता की खून पसीने की कमाई छीनने के लिए लगाए हुए हैं। अमृतसर-दिल्ली मार्ग पर तो दर्जनों ऐसे स्थान हैं जहां जनता को टैक्स भी देनी पड़ती है और लंबी-लंबी लाइनों में प्रतीक्षा भी करनी पड़ती है। पंजाब के मुख्यमंत्री से यह आग्रह है कि अमृतसर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग और अमृतसर-चंडीगढ़ मार्ग पर जितने टोल प्लाजा हैं उनकी जांच करवाएं। उनको बंद करवाएं और जब तक बंद नहीं किए जाते वहां की टोल फीस कम करवाएं। सबसे पहले लुधियाना टोल प्लाजा पर नियंत्रण करें।












