वित्तीय वर्ष 2023-24 के पहले 3 महीनों में ज़मीन-जायदाद की रजिस्टरियों से आय में 17 प्रतिशत बढ़ोतरी: जिम्पा

चंडीगढ़, (द स्टैलर न्यूज़): मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने एक और उपलब्धि दर्ज की है। पंजाब में ज़मीन-जायदाद की रजिस्टरियों से पंजाब सरकार के खजाने में वित्तीय साल 2023-24 के पहले 3 महीनों में 17 प्रतिशत ज़्यादा आय आई है। राजस्व मंत्री ब्रम शंकर जिम्पा ने कहा है कि पंजाब निवासियों को पारदर्शी, साफ़-सुथरा और भ्रष्टाचार मुक्त सेवाएं देना मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार का मुख्य लक्ष्य है और इसी कारण राज्य की आय में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। विस्तार में जानकारी देते हुये जिम्पा ने कहा कि अप्रैल, मई और जून 2023 में स्टैंप और रजिस्ट्रेशन के अधीन पंजाब सरकार को 1191.20 करोड़ रुपए की आय हुई है जोकि साल 2022 के इन महीनों की अपेक्षा 17 प्रतिशत ज़्यादा है। अप्रैल, मई और जून 2022 में यह आय 1018. 63 करोड़ रुपए थी।

Advertisements

जिम्पा ने बताया कि अप्रैल, मई और जून 2023 में क्रमवार 441.24 करोड़ रुपए, 430.63 करोड़ रुपए और 319.33 करोड़ रुपए सरकारी खजाने में आए जबकि अप्रैल, मई और जून 2022 में यह रकम 354.69 करोड़ रुपए, 383.17 करोड़ रुपए और 280.77 करोड़ रुपए थी। उन्होंने कहा कि राज्य की आय में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और स्टैंप और रजिस्ट्रेशन के अंतर्गत बड़ी रकम सरकार के खजाने में आ रही है। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के काम को भ्रष्टाचार मुक्त करने के लिए पंजाब सरकार पहले दिन से ही सार्थक प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य में हकूमत संभालने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भ्रष्टाचार करने वाले अधिकारियों/ कर्मचारियों की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया था जिसके सार्थक नतीजे सामने आ रहे हैं। इसी साल अप्रैल महीने में सिर्फ़ राजस्व विभाग के कामों सम्बन्धी शिकायत दर्ज करवाने के लिए भी नंबर 8184900002 जारी किया जा चुका है। ऐनआरआईज़ राजस्व विभाग सम्बन्धी अपनी शिकायतें 9464100168 नंबर पर दर्ज करवा सकते हैं। यह नंबर सिर्फ़ लिखित शिकायत के लिए है।

जिम्पा ने पंजाब निवासियों से अपील की कि राजस्व विभाग से सम्बन्धित किसी भी काम को कराने के लिए किसी भी अफ़सर या मुलाज़िम को रिश्वत न दी जाये और यदि कोई रिश्वत मांगता है तो इसकी रिपोर्ट तुरंत की जाये। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट अफसरों और मुलाजिमों को किसी भी कीमत पर बक्शा नहीं जायेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here