होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। योग साधन आश्रम मॉडल टाउन में धार्मिक सभा को संबोधित करते हुए आश्रम के मुख्य आचार्य चंद्र मोहन जी ने कहा कि भगवान हमारा कल्याण करने के लिए अवतार लेकर आते हैं। इस संबंध में प्रभु भक्त अपने-अपने अनुभव बतलाते हैं कि अगर उन्हें प्रभु जी की शरण न मिलती तो पता नहीं वह किस संकट में पड़े होते। उन्होंने कहा कि प्रभु कृपा ने उनके जीवन को सुरक्षित रखा है। आचार्य जी ने कहा कि योगाचार्य सदगुरु देव चमन लाल जी महाराज कहा करते थे कि अवतार की निशानी है कि वह संसार के संकट हरने के लिए आते हैं। भगवान का संसार में स्वयं आना विशेष शक्ति को प्रकट करना ही उनकी निशानी है। जब धर्म का नाश होने लगता है तो वह अवतार लेते हैं। धर्म का अर्थ संसार की व्यवस्था से है। उसको कायम रखना जरूरी होता है । समाज में देखे तो अगर कानून व्यवस्था बिगड़ जाए तो सरकार उच्च सैनिक बलों को भेजती है। इसी तरह जब संसार की व्यवस्था बिगड़ती है तो भगवान किसी न किसी शक्ति के रूप में आते हैं।
जब लोग त्राहि त्राहि करने लगते हैं तथा भगवान को पुकारते हैं तो भगवान उनके कल्याण के लिए किसी न किसी शक्ति के रूप में आते हैं । जब शास्त्र का सम्मान नहीं होता तो भगवान को आना पड़ता है। भगवान कभी धनुष कभी परशु तथा कभी सुदर्शन लेकर आते हैं। कई बार योग बल से ही व्यवस्था ठीक करने के लिए आते हैं। आज घर,समाज,राज्य की व्यवस्था प्रभावित हो रही है । हमारा आहार ही ठीक नहीं है। दुनिया में ऐसे शस्त्र बनाए जा रहे हैं जो चंद मिनट में ही दुनिया को समाप्त करने की सामर्थ रखते हैं । एक दूसरे के प्रति दुश्मनीया पैदा हो रही है। जो की चिंता का विषय है। मन मैले हो रहे हैं |इंद्रियां हम पर हाबी हो रही हैं। हम आँख तो बंद कर सकते हैं लेकिन सच्चाई को नहीं हटा सकते। कलयुग में प्रभु राम लाल जी योग अमृत लाए हैं ताकि हमारा मन शरीर बा बुद्धि ठीक रहे। बुद्धि ठीक रहेगी तो संसार भी ठीक रहेगा। वह योग शक्ति लाए हैं इसके सही प्रयोग से दुनिया की हर बीमारी को ठीक किया जा सकता है।