
पटियाला (द स्टैलर न्यूज़)। लोकसभा हलका से शिरोमणि अकाली दल प्रत्याशी एन.के शर्मा ने कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी को विकास के मुद्दे पर घेरते हुए कहा है कि पंजाब में पांच साल कांग्रेस का राज रहा है तथा अब दो साल से आम आदमी पार्टी राज कर रही है। दोनों पार्टियों के प्रत्याशी सार्वजनिक मंच के माध्यम से पटियाला लोकसभा हलका के लिए किए गए सात बड़े कार्यो की जानकारी जनता को दें। एन.के.शर्मा चुनाव प्रचार अभियान के तहत आज सनौर के पूर्व हलका विधायक हरिंदरपाल सिंह चंदूमाजरा के नेतृत्व में आयोजित विधानसभा क्षेत्र के गांव असरपुर, खुड्डा,बुल्लड़कला, करनपुर, भाखर, बल्लमगढ़,जंगीर में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पांच साल पंजाब में राज किया और पटियाला लोकसभा हलके की जमकर अनदेखी की। कांग्रेस के राज में अमरिंदर सिंह पंजाब के मुख्यमंत्री बने लेकिन मुख्यमंत्री बनते ही पटियाला को भूल गए। एन.के शर्मा ने कहा कि अब पिछले दो साल से आम आदमी पार्टी पंजाब में सत्ता संभाल रही है और आप के कैबिनेट मंत्री बलबीर सिंह यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। बलबीर सिंह स्वास्थ्य मंत्री के तौर पर काम कर रहे हैं उनके राज में पटियाला लोकसभा हलके के अस्पताल इतनी दयनीय स्थिति में आ गए हैं कि यहां मरीजों को दवाइयां तथा इंजेक्शन नहीं मिल रहे हैं।
एन.के शर्मा ने कहा की शिरोमणि अकाली दल ने हमेशा विकास की राजनीति की है। शर्मा ने कहा कि वह जहां पर भी चुनाव प्रचार के लिए जा रहे हैं,लोग उन्हें अपनी समस्याएं बता रहे हैं। इन समस्याओं का निवारण 4 जून के बाद वह सांसद बनकर करेंगे। अकाली दल प्रत्याशी ने कहा कि जिस तरह अकाली दल की सरकार में समूचे पंजाब का एक समान विकास किया गया। इसी तरह से सांसद बनने के बाद वह पटियाला लोकसभा हलके के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों का एक समान विकास करेंगे।












