
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की देहरा व नादौन विधानसभा में एक दर्जन से ज़्यादा जनसभाओं को संबोधित कर भाजपा को जिताने व फिर मोदी जी को पीएम बनाने की अपील की। सभाओं को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत अब मदद माँगने वाला नहीं, मदद देने वाला देश बना है। कोरोना महामारी के समय जहां एक तरफ़ मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता जनता की मदद के लिए सड़कों पर थे तो कांग्रेस के कार्यकर्ता घरों में दुबके थे।

हमने कोविड के समय न सिर्फ देशवासियों की जान बचाई बल्कि युद्ध के समय विदेश में फंसे अपने नागरिकों की भी सकुशल घर वापसी कराई और रिकॉर्ड समय में 220 करोड़ से ज्यादा फ्री टीके भी दिलवाए। आपरेशन गंगा के माध्यम से युद्धग्रस्त क्षेत्र से भारत लौटे दल में हिमाचल के लगभग 300 बच्चे भी शामिल थे जिन्हें सकुशल घर वापस पा कर हमारी हिमाचली माताओं की खुशी देखते ही बनती थी। मुझे अपने कार्यक्रमों के दौरान ये बच्चे व इनके परिजन मिलते हैं जो मोदी जी को बहुत आशीष देते हैं।











