
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा: विश्व पर्यावरण दिवस जिसका उद्देश्य वास्तव में हमारे ग्रह और उसके प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए लोगों में जागरूकता बढ़ाना और उसके लिए उचित कार्रवाई को प्रोत्साहित करना है। इसी कड़ी में भूमि बहाली, मरुस्थलीकरण और सूखे के प्रति लचीलापन थीम पर आधारित राजकीय उत्कृष्ट माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी में पर्यावरण दिवस पर राष्ट्रिय सेवा योजना के स्वंयसेवी, स्काउट गाइड तथा मयूर इको क्लब के सौजन्य से रैली एवं पेंटिंग के माध्यम से बच्चों और समाज को जागरूक करने का प्रयास किया गया।

यह जानकारी देते हुए प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने बताया कि यह दिन लोगों, समुदायों और दुनिया भर के देशों के लिए पर्यावरण के लिए एक आशा की किरण है, क्योंकि वर्तमान में जहां सभी लोग नवीनीकरण की आड़ में टेक्नोलॉजी, इंफ्रास्ट्रर्क्चर, और अन्य संसाधनों को खुद के लिए बेहतर बनाने में तुले हुए है। वहीँ दूसरी ओर इस अंधी दौड़ में ये भूल चुके है कि वे इस नवीनीकरण के चलते प्रकृति को कितना नुकसान पहुँचा रहे हैं। मनुष्य द्वारा पेड़ पौधों की अंधाधुंध कटाई के कारण जंगल धीरे धीरे खत्म होते जा रहे है और तापमान में भी अत्याधिक बढोतरी देखने को मिल रही है। जगह जगह कूडा कचरा फेकना, पानी को व्यर्थ बहाना, अत्यधिक वाहनों का इस्तेमाल करना, एसी, फ्रिज आदि सभी पर्यावरण को बहुत ज्यादा नुकसान पहुंचाते है।
उन्होंने बच्चों से कुछ सुझावों को अपनाने का आह्वान किया जिसकी जैसे कि हम इस दिन संकल्प लें कि कभी भी सिंगल यूज प्लास्टिक की वस्तुएं इस्तेमाल नहीं करेंगे, आगे से कभी भी पानी बेकार नहीं करेंगे, हमेशा बाजार के लिए अपने थैले का इस्तेमाल करेंगे, अपने किचन के कचड़ा और सूखे पत्ते बाहर न फेंककर उनकी खाद बनाएंगे, अपने मंदिर व पूजा स्थलों से बाहर निकले सामान नहरों ,नदियों व तालाबों में न बहा कर सही तरीके से उनका डिस्पोजल करेंगे अपने जीवन में ऐसे छोटे छोटे बदलाव करके जहाँ न केवल हम प्रकृति के रूप में भगवान द्वारा दिए हुए इस अमूल्य रत्न को बचा सकते हैं वहीँ इस तरह के संकल्पों पर रोजाना अम्ल करते हुए अपने आपको एक सच्चा पर्यावरण प्रेमी सिद्ध कर पाएंगे जोकि पर्यावरण संरक्षण में दुनिया का साथ दे रहा है I
इस अवसर पर करवाई गई पेंटिंग प्रतियोगिता में श्रेया प्रथम, समीक्षा द्वितीय जबकि कनिका तृतीय स्थान पर रही l इस अवसर पर इको क्लब प्रभारी, हेमलाल एन एस एस प्रभारी विजय , रीता, स्काउट मास्टर सतीश राणा, गाइड कप्तान कुसुम के अलावा सभी अध्यापक भी उपस्थित रहे।












