
अम्बाला (द स्टैलर न्यूज़)। अम्बाला के नारायणगढ़ से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां जमीन विवाद को लेकर एक पूर्व फौजी ने अपने ही परिवार के पांच लोगों का बेहरमी से कत्ल कर दिया। नारायणगढ़ के पीर माजरी रतोर गांव में जमीन विवाद के चलते फौजी भूषण ने अपने भाई, भाभी, छह माह के भतीजे, 5 साल की भतीजी और मां की गला रेत कर हत्या कर दी। आरोपी ने अपने पिता ओम प्रकाश की भी मारपीट की और घायल कर दिया और भाई की एक बेटी गंभीर रूप से घायल है।

आरोपी ने शवों को जलाने की कोशिश भी की, लेकिन सूचना मिलने पर पीसीआर मौके पर पहुंची और अधजले शवों को लेकर अम्बाला कैंट अस्पताल ले आई। घायल भतीजी को गंभीर अवस्था में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। नारायणगढ़ पुलिस ने सभी के शवों को छावनी नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि बताया जाता है कि दोनों भाइयों की दो एकड़ जमीन थीं। इसी पर दोनों का विवाद चल रहा था और कई बार बहसबाजी भी हुई। इस रंजिश को लेकर आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












