
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी शिक्षा) ललिता अरोड़ा ने जिले के सभी स्कूलों (सरकारी, प्राइवेट, एडिड) को एक पत्र जारी करके सेफ स्कूल वाहन के तहत नियमों की पालना को यकीनी बनाए जाने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि जिन स्कूलों में बच्चे ट्रांसपोर्ट के साधनों का प्रयोग करके स्कूल आते हैं, उन वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, सिटिंग कपैसिटी, स्पीड गवर्नर तथा ड्राइवर का वैलिड लाइसेंस आदि शर्ते पूरी रखी जाएं।

उन्होंने कहा कि अगर इन नियमों में अनियमितता पाई जाती है तो वाहन प्रबंधकों एवं बस स्टाफ पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए तथा इसी को ध्यान में रखते हुए सेफ वाहन पालिसी को यकीनी बनाया जा रहा है। उन्होंने स्कूल प्रबंधकों से आह्वान किया कि वह बच्चों की सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी से करें।












