
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में प्रशिक्षण के तहत 99वें फाउंडेशन कोर्स के लिए फील्ड स्टडी एंड रिसर्च प्रोग्राम (एफएसआरपी) के लिए 12 ट्रेनी अधिकारियों का जिला होशियारपुर में 9 नवंबर से 16 नवंबर 2024 तक फील्ड विजिट कार्यक्रम निर्धारित किया गया था। जिसमें ये ट्रेनी अधिकारी ब्लॉक गढ़शंकर, ब्लॉक दसूहा, सिविल अस्पताल होशियारपुर और शहरी आम आदमी क्लीनिक का भी दौरा करेंगे। स्वास्थ्य विभाग के दौरे के लिए जिला स्तर से ज़िला टीकाकरण अधिकारी डा. सीमा गर्ग, को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। आज सिविल अस्पताल होशियारपुर में इन प्रशिक्षु अधिकारियों का दौरा डा. सीमा गर्ग और सीनियर मेडीकल अधिकारी ईंचार्ज सिविल अस्पताल होशियारपुर डा. स्वाति शींमार ने करवाया।

दौरे के दौरान उन्हें अस्पताल में उपलब्ध सभी विशेष सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने अस्पताल में ओपीडी और भर्ती मरीजों के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने नशामुक्ति केंद्र में भी विशेष रुचि दिखायी। उन्होंने मरीजों को दी जा रही सुविधाओं और दवाओं की आसान उपलब्धता जानकर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान टीकाकरण को लेकर विशेष चर्चा हुई और नई वैक्सीन एचपीवी को जल्द ही राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल करने पर चर्चा की गई। ट्रेनी अधिकारियों ने अस्पताल की साफ-सफाई एवं सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया।












