Tuesday, October 13, 2026
Home Crime पुरहीरां चौंकीः बिना नंबर का मोटरसाइकिल, पूछताछ, बल प्रयोग, रोष और लाइन...

पुरहीरां चौंकीः बिना नंबर का मोटरसाइकिल, पूछताछ, बल प्रयोग, रोष और लाइन हाजिर, कई सवालों को जन्म दे गया मामला

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। गत रात्रि थाना माडल टाउन के तहत पुरहीरां चौंकी में हुए हंगामे के बाद पुलिस ने लोगों का रोष देखते हुए तीन पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया और जिस कारण सारा विवाद हुआ उस मामले को दबाए जाने के प्रयास किए जाने लगे। भले ही इस मामले में पुलिस की गलती हो सकती है, लेकिन बिना नंबर के मोटरसाइकिल संबंधी क्या जांच की गई, इस बारे में अधिकारियों ने कुछ भी स्पष्ट नहीं किया। जानकारी अनुसार पूछताछ में लिए गए युवक एवं मोटरसाइकिल को मौके पर पहुंचे अधिकारी द्वारा रात को ही छोड़ दिया गया था और पुलिस कर्मियों पर कार्यवाही की बात कहते हुए रात भर के लिए मामला शांत कर लिया गया था। सुबह को पुलिस कर्मियों पर कार्यवाही करते हुए चौंकी में तैनात इंचार्ज सहित तीन पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया। दूसरी तरफ पीड़ित युवक व उसके साथियों का कहना है कि पुलिस पर और सख्त कार्यवाही की जानी चाहिए, जबकि पुलिस कर्मियों का कहना है कि उन्होंने कानून अनुसार कार्यवाही की है और उन्होंने शराब नहीं पी थी तथा अगर ऐसा होता तो क्या उनके अधिकारी उनका मैडीकल न करवाते। उन्होंने आज तक बेदाग नौकरी की है और आगे भी वह कानून अनुसार ही अपने कर्तव्य का निर्वाह करेंगे।

Advertisements

प्राप्त जानकारी अनुसार पिछले कल चौंकी में पति-पत्नी के बीच झगड़े का मामला आया था तथा महिला द्वारा पति पर मारपीट के आरोप लगाए जाने संबंधी जांच करने रात के करीब 9 बजे चौंकी इंचार्ज एवं साथी कर्मचारी सुन्दर नगर (बाजीगर मोहल्ला) इलाके में गए थे। जब वह वहां पहुंचे तो महिला का पति घर से कहीं चला गया था। जिसे ट्रेस किया गया। पुलिस के अनुसार करीब साढे 9 बजे सुन्दर से जब वह वापिस आ रहे थे तो एक युवक मोटरसाइकिल जो बिना नंबर के था, के साथ खड़ा था और रात का समय होने के चलते उन्होंने शंका के आधार पर उससे पूछा कि वह वहां क्या कर रहा है। इस दौरान उन्होंने मोटरसाइकिल के कागज दिखाने की बात कही तो उसने कहा कि कागज उसके मालिक के पास हैं। इसके बाद वह उसे अपने साथ चौंकी लेकर आने लगे और उससे कहा कि वह अपने मालिक से कहे कि इसके कागज लेकर चौंकी ही आ जाए। पुलिस की माने तो जो मालिक था वह अपने कुछ साथियों के साथ उस स्थान की तरफ आ आता हुआ दिखा, जहां से वह युवक को लेकर थाने जा रहे थे। वह वहां रुके नहीं और चौंकी आ गए, जहां पर उन्होंने गेट बंद कर लिया। इसी दौरान 5-7 लोग गेट को धक्के मारने लगे और जब पुलिस कर्मी गेट को खोलने गया तो वह गेट को धक्का देकर अंदर आ गए। इसी दौरान कुछ और लोग चौंकी में आए गए और हंगामा करना शुरु कर दिया और नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। पुलिस की माने तो उनका कहना है कि लोगों की तादात ज्यादा और चौंकी में मुलाजिमों की कमी एवं उनकी सुरक्षा को देखते हुए पुलिस को थोड़ बल प्रयोग करना पड़ा और सभी को चौंकी से बाहर निकाल दिया गया। लेकिन उन लोगों ने बाहर जाकर मामले को दूसरा ही रंग देना शुरु कर दिया। पुलिस के अनुसार सारे मामले की उन्होंने तुरंत जानकारी अपने सीनियर्स को दे दी थी।

मौके पर पहुंचे एक बड़े अधिकारी की माने तो उऩका कहना है कि मामले में पुलिस से कुछ गलती हुई है और जांच का तरीका ठीक नहीं था। जिससे लगता है कि कहीं न कहीं पुलिस की गलती रही होगी।

पुलिस पर मारपीट के आरोप लगाने वाले रामू का कहना है कि मोटरसाइकिल की नंबर प्लेटें नहीं थीं और पुलिस उसे धक्के के साथ चौंकी ले आई और उसे झूठे पर्चे में फंसाने (असला डालने) की धमकियां देने लगी तथा पुलिस कर्मी कथित तौर पर शराब के नशे में धुत्त थे। इस दौरान उन्होंने उसे बुरी तरह पीटा, जिसके निशान उसके शरीर पर मौजूद हैं। इसके बाद जब उसके साथी व मालिक वहां पहुंचे तो पुलिस ने उनके साथ भी धक्का किया। जिसके बाद से सारा मामला सभी के सामने हैं।

अब सवाल यह है कि मामले को शांत करने के लिए पुलिस अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को तो लाइन हाजिर कर दिया यानि सस्पैंड कर दिया, लेकिन क्या उस मोटरसाइकिल की जांच की गई जिस पर नंबर प्लेट नहीं थे। इसके अलावा असले के साथ जिन फोटो की बात सामने आ रही है वह किसकी थी और वह असला किसका था के बारे में भी अभी तक पुलिस अधिकारियों द्वारा औपचारिक तौर पर कुछ नहीं बताया गया। इतना जरुर है कि मौके की नजाकत को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने कार्यवाही एवं जांच की बात कहते हुए युवक एवं मोटरसाइकिल को छोड़ दिया और सारी गाज अपने कर्मियों पर गिराते हुए उन्हें लाइन हाजिर कर दिया। फिलहाल मामले की जांच की बात तो कही जा रही है, मगर मोटरसाइकिल एवं असले के साथ फोटो का सच जब तक सबके सामने नहीं आता तब तक सवाल पे सवाल खड़ा होना स्वभाविक है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here