
नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। यमुना नदी में क्रूज चलाने के लिए भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्रधिकरण ने दिल्ली सरकार के साथ समझौते पर साइन कर दिए है। इसमें कहा गया कि आईडब्ल्यूएआई ने सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग, दिल्ली विकास प्राधिकरण, दिल्ली जल बोर्ड और दिल्ली परिवहन निगम सहित दिल्ली सरकार की कई एजेंसियों के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।

समझौते का उद्देश्य सोनिया विहार और जगतपुर के बीच यमुना नदी (राष्ट्रीय जलमार्ग 110) पर चार किलोमीटर के हिस्से पर क्रूज पर्यटन को विकसित करना और बढ़ावा देना है। इस मौके पर केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि वर्षों से दिल्ली के लोग यमुना में गंदगी और उपेक्षा देखकर दुखी थे, लेकिन यह पहल लंबे समय से प्रतीक्षित सुधार की शुरुआत है।
टिकाऊ और प्रदूषण रहित जल परिवहन सुनिश्चित करने के लिए 20-30 यात्रियों को ले जाने में सक्षम इलेक्ट्रिक-सोलर हाइब्रिड नौकाओं का क्रूज जहाज के रूप में उपयोग किया जाएगा। इन नौकाओं में यात्रियों की सुरक्षा के लिए बायो-टॉयलेट, सार्वजनिक घोषणा प्रणाली और लाइफ जैकेट की सुविधा होगी। इसके अतिरिक्त, अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण सुचारू नौका संचालन की सुविधा के लिए दो एचडीपीई (हाई डेन्सिटी पॉलीथिलीन) जेटी स्थापित करेगा।











