
मुंबई (द स्टैलर न्यूज़)। 26/11 मुंबई हमले के मुख्य साजिशकर्ता तहव्वुर राणा को हाथों में बेड़ियां और कमर में जंजीर से बांधकर भारत लाया गया है। जिसक बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के अधिकारियों ने पुछताछ करनी शुरू कर दी है। उससे हर दिन करीब 15 से 20 सवाल पूछे जाएंगे। जांच एजेंसी अब मुख्य साजिशकर्ता से सारी बात उगलवाने की कोशिश करेगी। इसके बाद इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के अधिकारी भी जांच में शामिल होंगे। दिल्ली की पटियाला हाउस स्थित एनआईए की विशेष अदालत ने तहव्वुर राणा को 18 दिनों के लिए NIA की हिरासत में भेज दिया है।

एनआईए अदालत के विशेष न्यायाधीश चंद्रजीत सिंह ने उसे 18 दिन की हिरासत में भेज दिया जबकि एनआईए ने उसकी 20 दिन की हिरासत का अनुरोध किया था। एनआईए की विशेष अदालत से आधी रात को तहव्वुर राणा की 18 दिन की हिरासत मिलने के तुरंत बाद जांच एजेंसी ने आरोपी को शुक्रवार को एनआईए मुख्यालय के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित 14×14 सेल में ले आई।
इस सेल में सीसीटीवी कैमरे, एक बिस्तर और एक शौचालय है। 2008 के मुंबई आतंकी हमले में शामिल भारत के सबसे मोस्ट वांटेड आतंकवादी के प्रत्यर्पण और उसके बाद उसकी गिरफ्तारी और हिरासत के बाद, एनआईए को साजिश के बारे में अधिक प्रामाणिक और विश्वसनीय जानकारी मिलने की उम्मीद है। एजेंसी को यह भी उम्मीद है कि राणा से पूछताछ में मुंबई आतंकी हमले में पाकिस्तान के आईएसआई की सीधे तौर पर शामिल होने सहित कई नए पहलुओं का पता चलेगा।












