
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने सोमवार को दिल्ली से एक केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह गिरफ्तारी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मामलों में एक और बड़े खुलासे के रूप में देखी जा रही है। आरोपी जवान की पहचान मोती राम जाट के रूप में हुई है। जो कथित तौर पर पिछले साल 2023 से आईएसआई अधिकारियों के संपर्क में था और उन्हें भारत की सुरक्षा से संबंधित गोपनीय जानकारियां मुहैया करा रहा था।

एनआईए ने अपने बयान में बताया कि आरोपी जवान भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित ‘क्लासिफाइड इन्फॉर्मेशन’ पाकिस्तान के खुफिया अधिकारियों (PIOs) को सांझा कर रहा था। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि वह इन जासूसी गतिविधियों के बदले अलग-अलग माध्यमों से पैसे भी प्राप्त कर रहा था। एनआईए ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर सोमवार को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे 6 जून तक एनआईए की कस्टडी में भेज दिया गया है।












