
केरल (द स्टैलर न्यूज़)। केरल में परसाला के पास गुरुवार सुबह करीब 2 बजे रेलवे ट्रैक पर लैंडस्लाइड के मलबे से टकराने पर बिलासपुर-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस का इंजन पटरी से उतर गया। इससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। उन्होंने बताया कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन इस घटना से बिजी तिरुवनंतपुरम-नागरकोइल रूट पर ट्रेन सर्विस में रुकावट आई, जिससे सैकड़ों यात्री प्रभावित हुए। रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर फिलहाल ट्रेन सेवाएं पर रोक लगा दी है। छह पैसेंजर ट्रेनों को रद कर दिया है। वहीं, प्रभावित एक्सप्रेस ट्रेन को आंशिक रूप से रद कर दिया है।

हादसा तब हुआ जब इस इलाके में भारी बारिश हो रही थी। इसी दौरान करीब रात को 2:19 पर हादसा हुआ। भूस्खलन की वजह से ट्रेन नंबर 22619 को परासला स्टेशन पर ही रोकना पड़ा। रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार ट्रेन के रुकने के बाद इंजन पटरी से उतर गया।दक्षिण रेलवे ने बयान जारी कर बताया कि ट्रेन में सवार सभी यात्री और कर्मचारी सुरक्षित हैं। उनकी मदद के लिए रिलीफ लोकोमोटिव को बुलाया गया है। इसके साथ ही रेल सेवा को फिर से बहाल करने की कोशिश जारी है। एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन को भी मौके पर रवाना कर दिया गया है।
हादसे में फंसी ट्रेन की यात्रा को नेय्यातिनकारा में ही भूस्खलन की वजह से रोक दिया गया है। इसे आगे नहीं भेजा जाएगा। यात्रियों को दूसरी ट्रेन या बसों की सुविधा देकर आगे भेजा जा रहा है। वहीं गुरुवार को चलने वाली छह पैसेंजर ट्रेनों को पूरी तरह से रद कर दिया गया है। जिन ट्रेनों की सेवा को रद किया गया है उनमें तिरुवनंतपुरम नॉर्थ-नागरकोइल जंक्शन पैसेंजर, नागरकोइल जंक्शन-कोल्लम जंक्शन पैसेंजर, नागरकोइल जंक्शन-तिरुवनंतपुरम नॉर्थ पैसेंजर, कोल्लम जंक्शन-नागरकोइल जंक्शन पैसेंजर और तिरुवनंतपुरम नॉर्थ-नागरकोइल जंक्शन पैसेंजर शामिल हैं।











