
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष निपुण शर्मा ने पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संबंध में की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह बयान आम आदमी पार्टी की राजनीतिक हताशा और गैर-जिम्मेदाराना राजनीति को दर्शाता है। निपुण शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के करोड़ों नागरिकों के विश्वास और जनसमर्थन के प्रतीक हैं, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। ऐसे वरिष्ठ नेताओं के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना राजनीतिक शिष्टाचार और सार्वजनिक जीवन की मर्यादा के विपरीत है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की नीतियों की आलोचना करना हर राजनीतिक दल का अधिकार है, लेकिन आलोचना और व्यक्तिगत अपमान के बीच एक स्पष्ट अंतर होता है। पंजाब विधानसभा के स्पीकर जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से जनता संयमित भाषा, निष्पक्ष व्यवहार और उच्च राजनीतिक मर्यादाओं की अपेक्षा करती है। ऐसे पद की गरिमा बनाए रखना उनकी नैतिक और संवैधानिक जिम्मेदारी है।ऐसे बयान देने वाले खुद संघवा विधानसभा में विधायकों को शिष्टाचार और मर्यादा का पाठ क्या सिखायेंगे।

निपुण शर्मा ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब की जनता ने सरकार को नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने, युवाओं को रोजगार देने, कानून-व्यवस्था सुधारने और भ्रष्टाचार पर प्रभावी कार्रवाई करने के लिए चुना था। लेकिन इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर जवाब देने के बजाय राजनीतिक बयानबाजी में उलझना जनता की समस्याओं से ध्यान भटकाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि पंजाब आज नशे, गैंगस्टरवाद, बेरोजगारी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। प्रदेश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास पैदा करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। राजनीतिक नेताओं को एक-दूसरे पर व्यक्तिगत टिप्पणियां करने के बजाय इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। निपुण शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादाओं में विश्वास रखती है। पार्टी जनहित के मुद्दों पर सरकार से सवाल पूछती रहेगी और पंजाब की जनता की आवाज मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने कुलतार सिंह संधवां से अपने बयान पर स्पष्टीकरण देने और सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने अंत में कहा कि पंजाब की जनता को राजनीतिक नौटंकी नहीं, बल्कि नशामुक्त पंजाब, सुरक्षित माहौल, रोजगार और जवाबदेह शासन चाहिए। आम आदमी पार्टी को बयानबाजी के बजाय जनता से किए गए वादों का हिसाब देना चाहिए।












