
जयपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर शुक्रवार देर रात बगरू के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। बगरू पुलिया से उतरते समय बस स्टैंड के पास एक ट्रेलर ने श्रद्धालुओं से भरी ट्रैवलर बस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए. घायलों में 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी श्रद्धालु महाराष्ट्र के नासिक जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु राजस्थान के प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर में दर्शन करने के बाद चित्तौड़गढ़ जिले में स्थित सांवरिया सेठ मंदिर जा रहे थे। उनकी ट्रैवलर बस जयपुर से अजमेर की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान बगरू पुलिया के पास यह हादसा हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बगरू थाना पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू करवाया और सभी घायलों को बगरू उपजिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल सात श्रद्धालुओं को बेहतर उपचार के लिए जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के नासिक जिले से 28 श्रद्धालु धार्मिक यात्रा पर राजस्थान आए थे। खाटूश्यामजी के दर्शन करने के बाद सभी ट्रैवलर बस से सांवरिया सेठ मंदिर जा रहे थे। रात करीब 2 बजे जब उनकी बस बगरू पुलिया से उतरकर बस स्टैंड के पास पहुंची, तभी ट्रेलर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बगरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और राहत दल ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। सभी 25 घायलों को बगरू उपजिला अस्पताल ले जाया गया। इनमें 7 की हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया। अन्य घायलों का भी उपचार कराया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे में 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। हालांकि, मृतकों और घायलों की पहचान अभी सामने नहीं आई है। बगरू थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।












