
चक्कोवाल (द स्टैलर न्यूज़)। सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. मनदीप कमल के दिशा-निर्देशों तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पी.एच.सी.) चक्कोवाल ब्राह्मणां के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एस.एम.ओ.) डॉ. मनप्रीत कौर के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग द्वारा बच्चों और गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कोटला नौध सिंह में 16 वर्ष की आयु के विद्यार्थियों को टी.डी. (टिटनेस एवं डिप्थीरिया) के टीके लगाए गए।

इस अवसर पर जानकारी देते हुए एस.एम.ओ. डॉ. मनप्रीत कौर ने बताया कि बच्चों को विभिन्न बीमारियों से सुरक्षित रखने और उनका स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने के लिए समय पर टीकाकरण करवाना बहुत आवश्यक है। टीकाकरण शरीर की रोगों से लड़ने की क्षमता को मजबूत करने में मदद करता है और कई गंभीर बीमारियों से बचाव का एक प्रभावी साधन है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के साथ-साथ स्कूलों में भी टीकाकरण सेवाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं, ताकि बच्चों को उनकी आयु के अनुसार आवश्यक टीके लगाए जा सकें। इसी कड़ी के तहत 16 वर्ष की आयु पूरी करने वाले विद्यार्थियों को टी.डी. का टीका लगाया जाता है, जो टिटनेस और डिप्थीरिया जैसी बीमारियों से बचाव में सहायक है।
डॉ. मनप्रीत कौर ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के टीकाकरण कार्ड की नियमित रूप से जांच करते रहें और निर्धारित समय के अनुसार सभी आवश्यक टीके अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों में लोगों का सहयोग बहुत महत्वपूर्ण है। समय पर टीकाकरण करवाकर बीमारियों से बचाव किया जा सकता है और एक स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है। इस अवसर पर ए.एन.एम. परमिंदर कौर, आशा वर्कर जसविंदर कौर, स्कूल प्रिंसिपल जसविंदर कौर, अनामिका सहित अन्य उपस्थित थे।











