
जालंधर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब विधानसभा में कैबिनेट की मीटिंग में सरकार ने दलित समाज के लिए कर्जमाफी की घोषणा की है। पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने पंजाब सरकार की इस घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि इससे 4 हजार से ज्यादा परिवारों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब की भगवंत मान सरकार ने मंगलवार को करीब 68 करोड़ रुपये की कर्जमाफी की घोषणा की है। इसमें एस.सी. लैंड डिवेलपमेंट ऐंड फाइनेंस कॉर्पोरेशन से कर्ज लेने वाले करीब 4727 दलित परिवारों को लाभ मिलेगा। जानकारी के अनुसार दलित परिवारों का यह कर्ज डिफाल्ट हो चुका था। कुल 68 करोड़ रुपये के कर्ज माफ में 30 करोड़ मूलधान, 22 करोड़ ब्याज और 15 करोड़ रुपये पीनल इंटरेस्ट है। यह कर्ज माफी मार्च 2020 तक के कर्ज के लिए लागू की गई है।

मोहिंदर भगत ने बताया कि पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने 2025-26 के बजट में ही इस कर्ज माफी के लिए बजट का इंतजाम कर दिया था, लेकिन इसकी औपचारिक घोषणा आज हुई है। उन्होंने कहा कि 2020 के बाद कर्ज लेने वालों के साथ भी संवेदनशीलता से व्यवहार किया जाएगा। श्री भगत ने कहा कि इन दलित परिवारों की वास्तविक परेशानी की वजह से वे कर्ज अदा नहीं कर पाए। वहीं इस कर्ज का रिकवरी रेट 84 फीसदी थी,जो कि कम नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब की भगवंत मान सरकार सदैव दलित समाज के हितों की रक्षा हेतु तत्पर रही है और आगे भी रहेगी।












